भारतीय मूल के गैंगस्टर की हत्या के आरोपी कनाडाई को थाईलैंड किया गया प्रत्यर्पित

टोरंटो, 31 मई (युआईटीवी/आईएएनएस)| एक पूर्व कनाडाई सैनिक को थाईलैंड प्रत्यर्पित किया गया है। उस पर पिछले साल फुकेत में एक भारतीय मूल के गैंगस्टर की हत्या का आरोप लगा था। द बैंकाक पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, फरवरी 2022 में कथित तौर पर जिमी संधू को गोली मारने वाला मैथ्यू डुप्रे रविवार रात वायुसेना के विशेष विमान से बैंकॉक पहुंचा।

एबॉट्सफोर्ड में पला-बढ़ा संधू यूनाइटेड नेशन गैंग से जुड़ा था, जिसकी स्थापना 1997 में फ्रेजर वैली में हुई थी।

फुकेत अदालत ने 11 फरवरी 2022 को डुप्रे के खिलाफ बिना अनुमति के बंदूकें और गोला-बारूद रखने तथा अवैध तरीके से सार्वजनिक रूप से बंदूकों को ले जाने और उपयोग करने के आरोप में गिरफ्तारी का वारंट जारी किया।

रिपोर्ट में कहा गया है कि बाद में एक पुलिस जांच में पाया गया कि दो संदिग्ध छह फरवरी को थाईलैंड से कनाडा के लिए रवाना हुए थे।

डुप्रे को 20 फरवरी 2022 को रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) ने अल्बर्टा के सिल्वन लेक स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया था।

उसके प्रत्यर्पण को कनाडा के 1999 के प्रत्यर्पण अधिनियम के तहत अल्बर्टा, एडमॉन्टन की अदालत ने पिछले दिसंबर में मंजूरी दे दी थी।

इस मामले में दूसरा वांछित संदिग्ध हत्यारा मई 2022 में कनाडा में एक छोटे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से मारा गया था।

मीडिया रिपोर्ट में पुलिस अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि डुप्रे ने अपने खिलाफ लगे सभी आरोपों से इनकार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *