नई दिल्ली,12 जुलाई (युआईटीवी)- गौतम गंभीर भारतीय क्रिकेट टीम के नए प्रमुख कोच (हेड कोच ) बन गए हैं। बीते मंगलवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई ) ने गंभीर के प्रमुख कोच बनने का एलान किया था। लेकिन,अभी भी सपोर्टिंग स्टाफ का ऐलान होना बाकी है।
राहुल द्रविड़ के कार्यकाल के समाप्त होने के बाद गंभीर को प्रमुख कोच की ज़िम्मेदारी दी गई। द्रविड़ के साथ-साथ उनके सपोर्ट स्टाफ अर्थात बैटिंग कोच विक्रम राठौड़,फील्डिंग कोच टी दिलिप तथा बॉलिंग कोच पारस म्हाम्ब्रे का भी कार्यकाल समाप्त हो गया था।
इस बीच एक नया नाम भारतीय टीम का नया गेंदबाजी कोच बनने की दौर में सामने आ रहा है,जिसकी कड़ी पाकिस्तान क्रिकेट टीम से जुड़े हुए हैं। भारत के गेंदबाजी कोच बनने की दौड़ में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्केल का नाम सामने आ रहा है,जिसे कोचिंग का अच्छा अनुभव है। वह भारतीय टीम के नए मुख्य कोच गौतम गंभीर की नजर में हैं।
पिछले साल भारत में हुए वनडे विश्व कप के दौरान मोर्ने मोर्केल पाकिस्तान टीम के कोच थे। उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के साथ अनुबंध के समाप्त होने से कुछ महीने पूर्व ही इस्तीफा दे दिया था। बताया जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से गौतम गंभीर ने गेंदबाजी कोच के पद के लिए मोर्ने मोर्केल पर विचार करने का निवेदन किया है। अफ्रीकी पूर्व तेज गेंदबाज 2006 से 2018 के बीच 117 एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय, 86 टेस्ट तथा 44 टी20 मैच खेले हैं।
आईपीएल में गंभीर और मोर्ने मोर्केल एक साथ काम कर चुके हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स आईपीएल टीम में दोनों के बीच अच्छे रिश्ते रहे हैं,जहाँ गंभीर ने मेंटॉर के तौर पर दो साल तक काम किया। गौतम गंभीर के आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स में शामिल होने तथा मुख्य कोच एंडी फ्लावर के रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु में शामिल होने के बाद भी मोर्ने मोर्केल लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल रहे।
अंतर्राष्ट्रीय और आईपीएल दोनों ही क्षेत्रों में मोर्ने मोर्केल ने एक शानदार कोच की भूमिका निभाई है। मोर्ने मोर्केल 39 साल की उम्र में साल 2018 में रिटायर हुए।
गेंदबाजी कोच के पद के लिए कई नाम सामने आए हैं,जिसमें विनय कुमार और लक्ष्मीपति बालाजी के नाम भी शामिल है। रिपोर्ट के अनुसार,इस पद के लिए बीसीसीआई जहीर खान पर विचार कर रहा है। हालाँकि,अभी तक अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
इससे पहले,गौतम गंभीर ने बीसीसीआई के पास फील्डिंग कोच के लिए दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज जॉन्टी रोड्स के नाम की सिफारिश की थी,जिसे बीसीसीआई ने नकार दिया है। भारतीय क्रिकेट टीम में सपोर्ट स्टाफ के लिए बीसीसीआई किसी भी तरह के विदेशी कोच को शामिल नहीं करना चाहता है। बीसीसीआई बीते कई सालों से देशी कोच के साथ काम कर रही है।
