नई दिल्ली,23 नवंबर (युआईटीवी)- क्रिकेटर गौतम गंभीर आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर ) में शामिल हो गए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर ) बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की आईपीएल टीम है। इससे पूर्व गौतम गंभीर लखनऊ सुपरजाइंट्स से जुड़े हुए थे। लेकिन अब उनकी वापसी कोलकाता नाइट राइडर्स में सलाहकार (मेंटर) के तौर पर हो रही है। गंभीर को शाहरुख ने परिवार का सदस्य बताया।
क्रिकेटर गौतम गंभीर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर ) के साथ पहले भी खेल चुके हैं। पूर्व में वो इस टीम के कप्तान भी रह चुके हैं और उनकी प्रतिनिधित्व में टीम ने दो बार खिताब भी अपने नाम किया है। गंभीर के प्रतिनिधित्व में केकेआर 2012 और 2014 में आईपीएल का खिताब जीता था।
जहाँ उन्होंने 2012 के फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स को हराया था,तो वहीं उन्होंने 2014 के फाइनल में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स )को हराकर ख़िताब जीता था। आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर ) ने गंभीर की कप्तानी में पाँच बार प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया था। केकेआर 2014 में चैंपियंस लीग टी20 के फाइनल में भी पहुँची थी। केकेआर के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी का श्रेय भी गौतम गंभीर को प्राप्त है।
22 नवंबर बुधवार को गौतम गंभीर के केकेआर से जुड़ने की घोषणा की गई। हेड कोच चंद्रकांत पंडित के साथ गौतम गंभीर काम करेंगे। इस टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर होंगे। श्रेयस अय्यर चोट के कारण आईपीएल 2023 में नहीं खेले थे। उनकी जगह टीम का प्रतिनिधित्व नितीश राणा ने किया था। इंडियन प्रीमियर लीग 2024 से पहले 19 दिसंबर को मिनी ऑक्शन होने की संभावना जताई जा रही है।
एक प्रशंसक ने एक प्रश्नोत्तर सत्र अपने एक्स अकाउंट पर आयोजित करते हुए शाहरुख से पूछा, ” फिर से हमारी टीम केकेआर में सर गौतम गंभीर क्यों ? ”
इस पर जवाब देते हुए केकेआर के मालिक शाहरुख खान ने कहा कि, ” क्योंकि गौतम गंभीर हमारा अपना है और हमेशा रहेंगे। गौतम गंभीर केकेआर का परिवार है,केकेआर का कप्तान है।”
शाहरुख खान की इस प्रतिक्रिया का उनके सभी प्रशंसकों ने सराहना की है।
गौतम गंभीर ने आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर ) की ओर से जारी एक बयान में कहा कि फ्रेंचाइजी के साथ वह और अधिक जीत के लिए भूखे हैं। आगे उन्होंने कहा कि, ” मैं भावनाओं से प्रभावित नहीं होता हूँ, लेकिन यह अनुभूति बहुत अलग है। जहाँ से मैंने शुरुआत की थी,वहाँ मैं फिर से वापसी कर रहा हूँ। यह बहुत अलग ही एहसास होता है,जब मैं यह सोचता हूँ कि मैं उस प्रतिष्ठित बैंगनी और सुनहरी जर्सी को फिर से पहनूँगा। मैं सिर्फ केकेआर ही नहीं सिटी आफ जॉय में वापस आ रहा हूँ। मैं वापस आ गया हूँ,मैं भूखा हूँ। मैं नंबर 23 हूँ। गंभीर जब केकेआर टीम की ओर से खेलते थे,तो उनका जर्सी नंबर 23 था।
गौतम गंभीर को लेकर केकेआर के मालिक शाहरुख खान ने कहा कि गौतम हमेशा परिवार का हिस्सा रहे हैं। अब वे इस परिवार में एक अलग अवतार में एक मेंटर के तौर पर वापसी कर रहे हैं। जब वे हमारे साथ नहीं थे,तब उनकी कमी हमें महसूस हुई।
गौतम गंभीर पिछले कुछ सीजन से लखनऊ सुपरजाइंट्स से मेंटर के तौर पर जुड़े हुए थे। उन्होंने लखनऊ सुपरजाइंट्स (एलएसजी) के प्रशंसकों के लिए एक भावुक नोट के माध्यम से कहा कि, “मैं उन सभी खिलाड़ियों,कोच,सहयोगी स्टाफ और इस सफर को यादगार बनने वाले हर व्यक्ति के प्रति प्यार और कृतज्ञता से भरा हुआ हूँ। मुझे विश्वास है कि भविष्य में एलएसजी टीम चमत्कार करेगी और लखनऊ सुपरजाइंट्स (एलएसजी) के प्रशंसकों को गौरवान्वित करेगी।”
