पुणे, 20 अक्टूबर (युआईटीवी)- भारत के उप-कप्तान और तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या न्यूजीलैंड के खिलाफ बाएँ टखने की चोट के कारण नहीं खेल पाएँगे। इस बात की पुष्टि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आज एक बयान जारी कर की। उन्होंने बताया कि 2023 विश्व कप में भारत का अगला मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ 22 अक्टूबर रविवार को धर्मशाला में होने वाला है और इस मुकाबले के लिए हार्दिक पांड्या टीम के साथ धर्मशाला नहीं जाएँगे ।
2023 विश्व कप के चौथा लीग मैच जो बांग्लादेश के खिलाफ पुणे के एमसीए स्टेडियम में खेला गया। उस मैच के दौरान हार्दिक पांड्या को अपनी ही गेंद पर क्षेत्ररक्षण करते समय बाएँ टखने में चोट लग गई। जिसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा और अपनी चोट के वजह से वे बाकी मैच में भी हिस्सा नहीं ले सके। बांग्लादेश के खिलाफ वे अपनी पहली ओवर के तीन ही गेंद डाल सकें,उनके ओवर के शेष बचे तीन गेंद विराट कोहली ने डाला।
बीसीसीआई ने उनकी चोट से जुड़ी अपडेट देते हुए कहा कि हार्दिक पांड्या को आराम करने की सलाह दी गई है। जिसके वजह से न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का मुकाबला जो 22 अक्टूबर रविवार को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में होने वाला है,उसमें हार्दिक पांड्या नहीं खेल पाएँगे। उन्हें बीसीसीआई मेडिकल टीम की निरंतर निगरानी में रखा गया है।
आगे जानकारी दी गई है कि 2023 विश्व कप का छठा लीग मैच गत चैंपियन इंग्लैंड के खिलाफ 29 अक्टूबर को लखनऊ में खेला जाएगा,जिसके लिए हार्दिक पांड्या सीधे लखनऊ पहुँचेंगे और भारतीय टीम में शामिल होंगे।
हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में भारतीय टीम में तेज गेंदबाजी वाला हरफनमौला विकल्प के रूप में शार्दुल ठाकुर उपलब्ध हैं। लेकिन उन्हें पांड्या के प्रतिस्थापन के तौर पर नहीं देखा जा सकता है।
अभी तक 2023 विश्व कप में भारत ने चार मैच खेले हैं और सभी मैच जीत कर भारतीय टीम अजेय टीम वाली दो टीमों में से एक है। न्यूजीलैंड ने भी अपने सभी मैच जीत कर अजेय टीम बनी हुई है। अब अगला मुकाबला दोनों अजेय टीमों के बीच 22 अक्टूबर रविवार को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में होने वाला है।
