नई दिल्ली,31 अक्टूबर (युआईटीवी)- भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने अपने अब तक के शानदार करियर के बारे में कहा कि मैंने कभी इतने रन और शतक बनाने के बारे में नहीं सोचा था। विराट कोहली दुनिया के पहले ऐसे बल्लेबाज हैं,जो सचिन तेंदुलकर के 49 शतकों के वनडे रिकॉर्ड की बराबरी करने की कगार पर पहुँच गए हैं। इस बारे में उन्होंने कहा कि इतने शतक बनाने के बारे में इन 12 वर्षों में मैंने कभी भी नहीं सोचा था।
कोहली का प्रदर्शन वनडे विश्व कप 2023 में बहुत ही शानदार रहा है। इस विश्व कप में अभी तक उन्होंने छह मैच खेले हैं और एक शतक तथा तीन अर्धशतक के साथ 354 रन बनाए हैं। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ पुणे में अपना 48वां शतक पूरा कर,सचिन तेंदुलकर के 49 शतकों के रिकॉर्ड तक पहुँचने से सिर्फ एक कदम दूर हैं।
हालाँकि इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को खेले गए मैच में विराट कोहली शून्य पर आउट हो गए। वनडे विश्व कप के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है,जब वे शून्य पर आउट हुए हैं।
आईसीसी क्रिकेट विश्व कप में भारत का अगला मुकाबला श्रीलंका के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 2 नवंबर को है।
भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली को श्रीलंका के खिलाफ खेलना बेहद पसंद है। श्रीलंका के खिलाफ वनडे में कोहली ने 10 शतक लगाए हैं, जो उनका अब तक का सबसे बड़ा शतक है।
अपने करियर के बारे में अपना विचार कोहली ने स्टार स्पोर्ट्स से खास बातचीत में रखा और कहा कि मैंने कभी भी क्रिकेट खेलते हुए सब कुछ हासिल करने के बारे में नहीं सोचा था। करियर की जिस ऊँचाई पर अभी मैं हूँ,ऐसा कभी भी मैंने सोचा नहीं था। यह तो ऊपर वाले की देन है,जिन्होंने मुझे इतनी लंबी अवधि के करियर दिया है और इस ऊँचाई तक पहुँचाया है।
ऐसा करने के बारे में मैंने सिर्फ सपना देखा था। लेकिन चीजें इस प्रकार से होंगी,मैंने ये कभी भी नहीं सोचा था और इन चीजों की योजना पहले से कोई भी नहीं बना सकता है। इन 12 वर्षों में इतने सारे शतक और रन बनाने के बारे में तो मैंने कभी नहीं सोचा था।
कोहली ने 567 पारियों में 26,000 रन बनाकर क्रिकेट करियर में सबसे तेज 26,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने की उपलब्धि हासिल की।
अपने खेल को बेहतर बनाने के बारे में कहते हुए कोहली ने कहा कि मेरा एकमात्र ध्यान टीम के लिए बेहतर प्रदर्शन करने पर होता है। ताकि टीम को कठिन परिस्थितियों में जीत दिला सकूँ। इसके लिए मैंने अनुशासनपूर्वक ध्यान दिया है और अपने जीवनशैली में भी काफी बदलाव किए हैं।
आगे कोहली ने कहा कि जब भी मैं मैदान में खेलता हूँ तो अपना सौ प्रतिशत देने की कोशिश करता हूँ और भगवान के आशीर्वाद से सब होते चला गया है।
