रायपुर,2 दिसंबर (युआईटीवी)- भारत ने ऑस्ट्रेलिया को चौथे टी20 मैच में 20 रनों से हरा कर सीरीज अपने नाम किया। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों का टी20 सीरीज खेला जा रहा है। जिसमें भारत ने 3 मैच जीत कर सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अजेय बढ़त हासिल कर ली है। रायपुर के शहीर वीर नारायण सिंह स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा टी20 मैच खेला गया। टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मैथ्यू वेड ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 174 रन बनाए और ऑस्ट्रेलियाई टीम को जीत के लिए 175 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 154 रन ही बना पाई और यह मुकाबला 20 रनों से हार गई।
भारत ने इस जीत के साथ ही लगातार तीसरी टी20 सीरीज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने नाम की। द्विपक्षीय टी20 सीरीज फरवरी 2019 में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर जीता था। उसके बाद लगातार भारत ने तीन बार ऑस्ट्रेलिया को हराकर सीरीज जीता है। भारत ने दिसंबर 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-1 से टी20 सीरीज जीता था और सितंबर 2022 में भी 2-1 से सीरीज अपने नाम की थी। टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में भारत 135 मैच खेल कर सबसे अधिक मैच खेलने वाली टीम बन गई है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रायपुर में खेले गए मैच में टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने गेंदबाजी की। 20 ओवर में भारत ने 9 विकेट पर 174 रन बनाएँ। लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 154 रन ही बना पाई।
A special win in Raipur 👏#TeamIndia now has the most wins in Men’s T20Is 🙌#INDvAUS | @IDFCFIRSTBank pic.twitter.com/edxRgJ38EG
— BCCI (@BCCI) December 1, 2023
भारत की ओर से अक्षर पटेल ने चार ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट लिए, रवि बिश्नोई ने 4 ओवर में 17 रन देकर एक विकेट लिए ,दीपक चाहर महँगे शाबित हुए ,उन्होंने चार ओवर में 44 रन दिए लेकिन दो विकेट लेने में सफल रहे। आवेश खान ने चार ओवर में 33 रन देकर एक विकेट लिया,ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान मैथ्यू वेड ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए,ट्रेविस हेड 31 रन,बेन मैकडरमॉट 19 रन,टिम डेविड 19, मैथ्यू शॉर्ट 22 रन बनाकर आउट हुए।
भारत ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 174 रन बनाए। एक समय भारत 18.3 ओवर में 167 रन बना चुके थे। जिसमें सिर्फ चार विकेट ही खोए थे। लेकिन इसके बाद सिर्फ 9 गेंद में 5 विकेट गवां कर सिर्फ सात रन ही बना सके। ऑस्ट्रेलिया की ओर बेन ड्वारशुइस ने 3 विकेट लिए,जेसन बेहरेनडॉर्फ ने 2 विकेट लिए,तनवीर संघा ने भी 2 विकेट लिए और एरॉन हार्डी ने 1विकेट लिए ।
भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन रिंकू सिंह ने बनाए। उन्होंने 29 गेंदों का सामना किया और 2 छक्कों तथा 4 चौकों की मदद से 46 रन बनाए। यशस्वी जयसवाल ने 28 गेंदों में 1 छक्का और 6 चौका जड़ते हुए 37 रन बनाए,जितेश शर्मा ने 19 गेंदों में 3 छक्कों और 1 चौका लगाते हुए 35 रन बनाए और ऋतुराज गायकवाड ने 28 गेंदों में 1 छक्का और 3 चौकाों की मदद से 32 रन बनाए।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्लेइंग 11 में चार बदलाव किए। मुकेश कुमार को प्रसिद्ध कृष्ण की जगह,दीपक चाहर को अर्शदीप सिंह की जगह,श्रेयस अय्यर को तिलक वर्मा की जगह और जितेश शर्मा को ईशान किशन की जगह दी। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम पाँच बदलाव के साथ मैदान पर उतरी। उनके प्लेइंग 11 में ग्लेन मैक्सवेल,मार्कस स्टोइनिस,रिचर्डसन,जोश इंग्लिश और नाथन एलिस शामिल नहीं थे।
