नई दिल्ली, 9 सितम्बर (युआईटीवी/आईएएनएस)- भारत और चीन के कोर कमांडरों के बीच 17 जुलाई 2022 को चुशुल मोल्दो मीटिंग प्वाइंट पर वार्ता का सोलहवां दौर शुरू किया गया था। तब दोनों पक्षों ने संबंधित मुद्दों को हल करने के लिए बैठक के दौर को जारी रखा।
दोनों पक्ष अब गोगरा हॉट स्प्रिंग्स (पीपी-15) के क्षेत्र में अपनी अपनी सीमाओं की तरफ जाने पर सहमत हो गए हैं।
समझौते के अनुसार, इस क्षेत्र में विघटन प्रक्रिया 08 सितंबर 2022 को 0830 बजे शुरू हुई और 12 सितंबर 2022 तक पूरी हो जाएगी। दोनों पक्ष एक एक कर सत्यापित तरीके से इस क्षेत्र में आगे की तैनाती को रोकने के लिए सहमत हुए हैं, जिसके बाद दोनों पक्षों के सैनिकों की अपने-अपने क्षेत्रों में वापसी जारी है।
दोनों पक्षों द्वारा क्षेत्र में बनाए गए सभी अस्थायी ढांचे को तोड़ा जाएगा और एक दूसरे को विश्वास दिलाया जाएगा कि ढांचे को पुरी तरह हटा दिया गया है।
पीपी-15 पर गतिरोध के समाधान के साथ, दोनों पक्षों ने बातचीत को आगे बढ़ाने और एलएसी के साथ शेष मुद्दों को हल करने और भारत चीन सीमा क्षेत्रों में शांति बहाल करने के लिए सहमति व्यक्त की।
