नई दिल्ली, 16 मई (युआईटीवी/आईएएनएस)- भारतीय नौसेना के जहाज कंबोडिया का दौरा कर रहे हैं। यह जहाज दिल्ली और सतपुड़ा, रियर एडमिरल गुरचरण सिंह, फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग ईस्टर्न फ्लीट की कमान में सिहानोकविले, कंबोडिया से रवाना हुए। तीन दिवसीय पोर्ट कॉल ने भारत के सौहार्दपूर्ण संबंधों और कंबोडिया साम्राज्य के साथ तेजी से बढ़ते सहयोग को प्रदर्शित किया। भारतीय नौसेना के यह जहाज 14 मई को रवाना हुए हैं। रक्षा मंत्रालय और रॉयल कंबोडियन सशस्त्र बलों के वरिष्ठ गणमान्यों के साथ बातचीत के अलावा, दोनों नौसेनाओं के कार्मिक पेशेवर, क्रॉस डेक यात्राओं और मैत्रीपूर्ण खेलों के आदान-प्रदान की एक विस्तृत श्रृंखला में शामिल हुए।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) और अग्निशमन पर प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए गए। जहाज आगंतुकों और कंबोडिया में भारतीय प्रवासी सदस्यों के लिए भी खुला था और इन्हें दोनों जहाजों का दौरा भी करवाया गया था। सफल पोर्ट कॉल ने आपसी समझ को बढ़ाया है और दोनों नौसेनाओं के बीच दोस्ती के बंधन को मजबूत किया है।
उधर, दूसरी ओर थल सेनाध्यक्ष (सीओएएस) जनरल मनोज पांडे अगले 2 दिन के दौरान मिस्र के सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ से एक महत्वपूर्ण मुलाकात करने जा रहे हैं। इस मुलाकात में दोनों देशों के सेना प्रमुख रक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे।
गौरतलब है कि भारत और मिस्र के सैन्य संबंध एक सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। मिस्र के राष्ट्रपति इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड के मुख्य अतिथि भी थे।
रक्षा मंत्रालय ने इस संबंध में और जानकारी देते हुए बताया कि थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे, 16 से 17 मई 2023 को मिस्र की यात्रा करेंगे। यात्रा के दौरान, सेना प्रमुख मेजबान देश के वरिष्ठ सैन्य नेतृत्व से मुलाकात करेंगे, जहां वे भारत-मिस्र रक्षा संबंधों को आगे ले जाने के तरीकों पर चर्चा करेंगे। वह मिस्र के विभिन्न सशस्त्र बलों के प्रतिष्ठानों का भी दौरा करेंगे और आपसी हित के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
