ऋषभ पंत (तस्वीर क्रेडिट@JaikyYadav16)

आईपीएल 2025 : मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रनों से हराया,बीसीसीआई ने ऋषभ पंत और पूरी टीम पर लगाया जुर्माना

मुंबई,28 अप्रैल (युआईटीवी)- आईपीएल 2025 में रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रनों से हरा दिया। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली हार के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को एक और बड़ा झटका लगा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम के कप्तान ऋषभ पंत और पूरी टीम पर जुर्माना लगाया है। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रनों से हराया था। 216 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ की टीम 161 रनों पर सिमट गई थी।

हालाँकि,हार से अधिक चिंता का विषय टीम के लिए ओवर रेट उल्लंघन बना। दरअसल,लखनऊ सुपर जायंट्स को धीमी ओवर गति के चलते भारी जुर्माना झेलना पड़ा है। यह इस सीजन में टीम का दूसरा ओवर रेट उल्लंघन था,जिसकी वजह से न सिर्फ कप्तान पंत बल्कि पूरी टीम पर आर्थिक दंड लगाया गया।

आईपीएल की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया,”लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत पर टाटा इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के 45वें मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ धीमी ओवर गति बनाए रखने के चलते जुर्माना लगाया गया है। चूँकि,यह सीजन में टीम का दूसरा उल्लंघन है,इसलिए पंत पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही इम्पैक्ट खिलाड़ियों सहित बाकी प्लेइंग इलेवन के हर खिलाड़ी पर 6 लाख रुपये या उनके मैच फीस का 25 प्रतिशत,जो भी कम हो,का जुर्माना लगाया गया है।”

गौरतलब है कि आईपीएल के नियमों के मुताबिक,पहली बार धीमी ओवर गति पर केवल कप्तान पर जुर्माना लगाया जाता है,लेकिन अगर टीम दूसरी बार नियम का उल्लंघन करती है,तो कप्तान के साथ-साथ पूरी टीम को भी आर्थिक दंड का सामना करना पड़ता है। लखनऊ सुपर जायंट्स के मामले में भी यही हुआ।

ऋषभ पंत के लिए यह सीजन व्यक्तिगत तौर पर भी खास अच्छा नहीं रहा है। लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें 27 करोड़ रुपये में खरीदा था,जिससे वह आईपीएल 2025 की नीलामी में सबसे महँगे खिलाड़ी बन गए थे। कप्तानी की जिम्मेदारी संभालने के बाद टीम ने उनसे बड़े प्रदर्शन की उम्मीदें लगाई थीं। हालाँकि,टीम का प्रदर्शन औसत दर्जे का रहा है,लेकिन पंत का व्यक्तिगत प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है।

रविवार के मैच में भी पंत बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और महज 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। अब तक खेले गए 10 मैचों में उन्होंने सिर्फ 110 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर एक पारी में 63 रन रहा है। इसका मतलब है कि शेष 9 पारियों में वह बुरी तरह फ्लॉप रहे हैं।

ऋषभ पंत की फॉर्म में गिरावट और लगातार मिल रही टीम को हार ने लखनऊ सुपर जायंट्स के अभियान को मुश्किल में डाल दिया है,जहाँ टीम को प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए हर मैच जीतना जरूरी हो गया है,वहीं कप्तान की खराब बल्लेबाजी टीम के लिए चिंता का बड़ा कारण बन गई है।

भविष्य में अगर लखनऊ सुपर जायंट्स को बेहतर प्रदर्शन करना है,तो कप्तान ऋषभ पंत को न सिर्फ अपनी बल्लेबाजी में सुधार करना होगा,बल्कि टीम के ओवर रेट पर भी विशेष ध्यान देना होगा। यदि ऐसा नहीं हुआ तो आने वाले मैचों में टीम को न सिर्फ अंक तालिका में नुकसान उठाना पड़ सकता है,बल्कि फिर से आर्थिक दंड भी झेलना पड़ सकता है।

लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए यह हार और जुर्माना दोनों ही चेतावनी के संकेत हैं कि अब समय रहते सुधार करना बेहद जरूरी है। वहीं ऋषभ पंत के लिए भी यह मौका है कि वह अपनी फॉर्म में वापसी करें और टीम को आगे ले जाने में अपनी भूमिका निभाएँ।