इजरायल ने गाजा में बरामद छह बंधकों के शव के तस्वीरें जारी की

इजरायल ने गाजा में बरामद छह बंधकों के शव के तस्वीरें जारी की

तेल अवीव,2 सितंबर (युआईटीवी)- गाजा पट्टी के राफा क्षेत्र में एक सुरंग से इजरायली रक्षा बलों ने छह बंधकों के शव बरामद किए हैं,जिसमें दो महिलाओं के शव भी शामिल हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इजरायल के विदेश मंत्रालय ने एक पोस्ट के जरिए मृतकों की पहचान के बारे में कहा कि मृतकों की पहचान ईडन येरुशालमी,अल्मोग सारूसी,हर्ष गोल्डबर्ग,कार्मेल गैट,एलेक्स लुब्नोव तथा ओरी डैनिनो के रूप में हुई है।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि,रव‍िवार सुबह को इजरायली बलों ने राफा शहर के नीचे एक सुरंग में हमास द्वारा बंधक बनाए गए छह लोगों के शव बरामद किए। मृतक बंधक में हर्ष गोल्डबर्ग-पोलिन नामक एक अमेरिकी नागरिक था।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि, इजरायल में सात अक्टूबर को शांति के लिए एक संगीत समारोह का आयोजन किया गया था,जिसमें अमेरिकी नागरिक हर्ष गोल्डबर्ग ने भी हिस्सा लिया था और उसी दौरान हमास आतंकवादियों ने हमला किया था। इससे पहले हमास ने 24 अप्रैल को एक वीडियो जारी किया था, जिसमें गोल्डबर्ग-पोलिन ने बंदी के “नरक” में रहने के बारे में कहा था।

अमेरिकी युवक समेत 6 बंधकों के राफा में मौजूद हमास सुरंग से लाश मिलने के बाद इजरायल में बवाल मच गया है। इजरायल के बंधकों और लापता परिवारों के फोरम ने बंधकों के शव बरामद होने के बाद पूरे देश में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन की घोषणा की। बंधकों के कई रिश्तेदारों का प्रतिनिधित्व करने वाले फोरम ने जनता से सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए आह्वान किया है।

रविवार शाम को तेल अवीव की सड़कों पर हजारों की संख्या में लोग जमा हुए और इजरायल के लोग सरकार से बंधकों की रिहाई के लिए युद्धविराम की माँग कर रहे हैं। फोरम ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा क‍ि हमारी सरकार ने बंधकों को मुक्‍त कराने का कोई प्रयास नहीं क‍िया गया। उन्हें वहाँ मरने के ल‍िए छोड़ द‍िया है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर विपक्ष के नेता यायर लैपिड ने आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने महत्वहीन मुद्दों पर अधिक ध्यान केंद्रित किया।

बता दें कि प‍िछले साल सात अक्टूबर को हमास के आतंकवादियों ने इजरायल में हमला किया था,जिसमें 1,200 लोगों की मौत हो गई थी और 251 लोगों का अपहरण कर लिया गया था। अभी भी 110 बंधक हमास के कैद में हैं। इजरायल ने इनमें से 39 बंधकों के मारे जाने की बात कही है।