जालंधर की जीत: राष्ट्रीय पार्टी बनने के बाद 'आप' की लोकसभा में पहली एंट्री

जालंधर की जीत: राष्ट्रीय पार्टी बनने के बाद ‘आप’ की लोकसभा में पहली एंट्री

नई दिल्ली, 13 मई (युआईटीवी/आईएएनएस)- राष्ट्रीय पार्टी बनने के बाद आम आदमी पार्टी ने शनिवार को पहली संसदीय सीट जीत कर संसद में एंट्री ले ली। पंजाब की जालंधर संसदीय सीट पर हुए उपचुनाव में पार्टी को जीत मिली है। जालंधर की लोकसभा सीट में 9 विधानसभाएं आती हैं। विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की लहर उस लहर में भी यहां ‘आप’ को 9 में से केवल 4 विधानसभा सीट जीत मिली थीं और 5 सीटें कांग्रेस के पास चली गईं थीं। कांग्रेस का यह इतना बड़ा गढ़ था कि विधानसभा चुनाव में जबरदस्त आम आदमी पार्टी की लहर में भी कांग्रेस 5 सीट जीत गई थी। लेकिन आज उन 9 में से 7 विधानसभा क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी ने जीती हैं।

केजरीवाल के मुताबिक केवल जालंधर सेंट्रल और नॉर्थ की सीटों पर अप थोड़ा पीछे रही। पिछले साल विधानसभा के चुनाव में पूरे पंजाब के अंदर 42 फीसदी मत मिले थे। लेकिन जालंधर में सिर्फ 28 फीसदी मिले थे जो आज यह वोट प्रतिशत बढ़कर 34 फीसदी हो गया है। पिछली बार विधानसभा चुनाव में चार विधानसभा सीट शाहकोट, आदमपुर, फिल्लौर और जालंधर नॉर्थ पर हम तीसरे नंबर पर थे। लेकिन आज इन 4 में से 3 सीटों पर हमें जीत मिली है और एक सीट पर दूसरे स्थान पर रहे हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में जालंधर सीट पर केवल हमें केवल ढाई प्रतिशत वोट मिले थे लेकिन आज हमें 34 फीसदी वोट मिले हैं।

इस जीत पर ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जालंधर के जनादेश ने बता दिया कि पंजाब की जनता ‘आप’ सरकार के काम से बहुत खुश और संतुष्ट है। भाजपा ने चरणजीत सिंह अटवाल के बेटे और कांग्रेस ने संतोष सिंह चौधरी की पत्नी को टिकट दिया था। इन दोनों को हराकर पंजाब की जनता ने परिवारवाद को हराया है। उधर, पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि इस जीत से हम सभी का हौसला बढ़ा है। अब हमें जालंधर समेत प्रदेश के सभी शहरों को चमका कर देश में पंजाब को नंबर वन बनाना है।

नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पर शनिवार को पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ मौजूद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जालंधर लोकसभा सीट पर आज चुनाव के नतीजे आए हैं। इस पर आम आदमी पार्टी की ऐतिहासिक जीत हुई है। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सुशील रिंकू ने भरी मतों के अंतर से जीत दर्ज की है। पिछले 50-60 साल से कांग्रेस जीतती रही थी। आम आदमी पार्टी कांग्रेस के गढ़ में सेंध मारकर जीती है।

उन्होंने कहा कि पिछले साल पंजाब में हमारी सरकार बनी थी। करीब एक साल बाद यह चुनाव हुआ है। किसी भी नई सरकार के लिए पहला साल सबसे कठिन होता है। पुरानी सरकारों ने जो गलत काम किए थे, वह हमें विरासत में मिले थे। इसके अलावा कई समस्याएं थीं। उन समस्याओं को ठीक करते-करते आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार ने सकारात्मक माहौल तैयार किया। हम केवल काम की राजनीति करते हैं। हम न धर्म की और न ही जाति की राजनीति करते हैं। हमारे कामों के बल पर ही हम वोट मांगते हैं। पंजाब और जालंधर की जनता का मूड इस जीत में दिखाई देता है। आम जनता ने भगवंत मान सरकार के कामों पर ठप्पा लगाया है कि आप बहुत अच्छा काम कर रहे हो, ऐसे ही लगे रहो। पंजाब और जालंधर की जनता का मैं तहेदिल से शुक्रिया अदा करना चाहता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *