अमित शाह

जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 : अमित शाह के पुंछ में होने वाले रैली को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पुंछ,21 सितंबर (युआईटीवी)- जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 के अंतर्गत बुधवार,18 सितंबर को पहले चरण का मतदान हुआ। 25 सितंबर को दूसरे चरण का और 1 अक्टूबर को तीसरे और अंतिम चरण का मतदान होना है। चुनाव को देखते हुए 21 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू में शाह मेंढर,सुरनकोट (पुंछ जिला),राजौरी और थानामंडी (राजौरी जिला) के साथ-साथ अखनूर (जम्मू जिला) में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।

जम्मू-कश्मीर के तीन जिलों में अमित शाह पाँच चुनावी रैली को संबोधित करने के लिए शुक्रवार को रात को जम्मू पहुँच गए। बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि अमित शाह दिल्ली से जम्मू पहुँचे और सीधे राज्य के अतिथि गृह चले गए।

गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज मेंढर में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। स्थानीय लोग अमित शाह के दौरे को लेकर काफी खुश हैं। उनका कहना है कि आज वैसा ही उत्साह देखने को मिला रहा है,जैसा उत्साह किसी पर्व के दिन होता है।

हम लोगों के लिए अमित शाह ने पहाड़ी स्टेट्स देने का वादा किया था और उसे पूरा भी किया। जम्मू कश्मीर में मोदी सरकार ने विकास के बहुत सारे काम किए हैं। भाजपा के समर्थन में हम मजबूती से खड़े हैं और हम भाजपा उम्मीदवार को जिताकर भेजेंगे।

भाजपा के एक स्थानीय कार्यकर्ता ने कहा कि मोदी सरकार ने जम्मू कश्मीर में सभी धर्मों और वर्गों का ख्याल रखा है,हमें हमारा अधिकार मिला है। मोदी सरकार ने हम पर एहसान किया है,जिसका बदला हम उनके पक्ष में वोट डालकर चुकाएँगे। यहाँ की जनता के बीच में गृह मंत्री के आगमन से अच्छा संदेश जाएगा। अमित शाह की जनसभा में सभी गाँव और पंचायत से लोग शामिल होंगे। जनता ने अपना मन बना लिया है कि वे भाजपा के पक्ष में वोट डालेंगे। भाजपा के पक्ष में ही विधानसभा चुनाव का परिणाम आएगा और हमारी सरकार बनेगी।

पाँच दिनों में अमित शाह दूसरी बार जम्मू-कश्मीर का दौरा कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने 16 सितंबर को पाड्डर नागसेनी,किश्तवाड़ और रामबन ​​में जनसभा को संबोधित किया था। अपने संबोधन में उन्होंने विपक्ष पर प्रहार करते हुए अपनी उपलब्धियों को गिनाया था। वहीं पीएम मोदी ने कटरा में रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस को लेकर भले ही उत्साह ना हो,लेकिन इसे लेकर पड़ोसी देश पाकिस्तान में बहुत उत्साह है।

पीएम मोदी ने कहा था कि पाकिस्तान में कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस के अलायंस की बल्ले-बल्ले हो रही है। पाकिस्तान इनके घोषणा पत्र से बहुत खुश और बहुत प्रभावित है। कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस का पाकिस्तान के डिफेंस मिनिस्टर ने खुलकर समर्थन किया है। उनका कहना है कि आर्टिकल-370 तथा 35 ए को लेकर कांग्रेस और एनसी का जो एजेंडा है,वही एजेंडा पाकिस्तान का भी है।