मुंबई,2 सितंबर (युआईटीवी)- कंधार हाईजैक पर बनी वेब सीरीज ‘आईसी 814: द कंधार हाईजैक’ में अपहरणकर्ताओं के नाम बदलने को लेकर सीरीज विवादों में घिर गई है। हाल ही में अनुभव सिन्हा द्वारा निर्देशित क्राइम थ्रिलर ड्रामा टेलीविजन मिनी सीरीज ‘आईसी 814: द कंधार हाईजैक’ एक नेटफ्लिक्स सीरीज़ है। यह सीरीज़ 1999 में इंडिया एयरलाइंस की फ्लाइट 814 का आतंकवादी समूह हरकत उल मुजाहिदीन के आतंकवादियों द्वारा किए गए अपहरण पर आधारित है।
29 अगस्त को वेब सीरीज ‘आईसी 814: द कंधार हाईजैक’ का प्रीमियर नेटफ्लिक्स पर हुआ,जिसे लेकर एक वर्ग द्वारा सोशल मीडिया पर अपहरणकर्ताओं के नाम बदलकर हिंदू नाम रखे गए कहकर आलोचना की जा रही है। कहानी और तथ्यों को छिपाने के आरोपों के वजह से इस सीरीज को इंटरनेट आलोचनाओं और प्रतिक्रियाओं का सामना करना पड़ रहा है। ‘आईसी 814: द कंधार हाईजैक’ वेब सीरीज कंटेंट विवाद पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स के कंटेंट हेड को तलब किया है।
भारत के जेल में बंद पाकिस्तानी आतंकवादियों – अहमद उमर सईद शेख, मुश्ताक अहमद जरगर तथा मसूद अजहर के रिहाई की माँग को लेकर आतंकवादी संगठन हरकत-उल-मुजाहिदीन के आतंकवादियों- शाहिद अख्तर,इब्राहिम अतहर,सनी अहमद,जहूर मिस्त्री और शाकिर ने फ्लाइट को हाईजैक किया था।
सोशल मीडिया पर इस सीरीज को कथित तौर पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के गुनाह छिपाने, क्रूर आतंकवादियों को मानवीय रूप देने और इसके भ्रामक कंटेंट के लिए आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। कई यूजरों ने आरोप लगाया है कि निर्माताओं ने जानबूझकर अपहरणकर्ताओं के धर्म को बदल दिया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक इंटरनेट यूजर ने लिखा कि,कंधार विमान अपहरणकर्ताओं के मूल नाम शाहिद अख्तर,इब्राहिम अतहर,सनी अहमद,जहूर मिस्त्री और शाकिर है,जबकि वेब सीरिज में आतंकियों के नाम चीफ,डॉक्टर,बर्गर,भोला और शंकर बताए गए हैं।
एक अन्य यूजर ने आईसी 814 के अपहरणकर्ता को घातक,क्रूर बताते हुए लिखा कि नेटफ्लिक्स सीरीज में उन क्रूर अपहरणकर्ताओं को मानवीय दिखाने का प्रयास किया जा रहा है,जो सही नहीं है।
हालाँकि,विदेश मंत्रालय के जनवरी 2000 के रिपोर्ट के मुताबिक,अपहरणकर्ता हमेशा एक-दूसरे को चीफ,डॉक्टर,बर्गर,भोला और शंकर नाम से संबोधित करते थे।
