कर्नाटक : हिट एंड रन मामले में दो किसानों की मौत

बेलगावी (कर्नाटक), 21 अप्रैल (युआईटीवी/आईएएनएस)| कर्नाटक के बेलगावी जिले में शुक्रवार को एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो किसानों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय महाबलेश्वर शिंधे और 75 वर्षीय पुंडलिका रेडेकरा के रूप में हुई है। कृष्ण रेडेकरा (74) गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंजूनाथ कागीनाकारा (47) मामूली रूप से घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक, घटना खानपुर तालुक के गोधुली गांव में धारवाड़-रामनगर राज्य राजमार्ग पर हुई।

जानकारी के मुताबिक, किसान अपने खेतों में गन्ने की फसल के लिए पानी छोड़ने जा रहे थे। पीछे से वाहन आया और उन्हें टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक ने वाहन नहीं रोका और मौके से फरार हो गया।

खानपुरा कांग्रेस विधायक अंजलि निंबालकर ने अस्पताल का दौरा किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *