नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल 'प्रचंड'

नेपाल में भूस्खलन के कारण 63 यात्रियों को ले जा रही दो बसें त्रिशूली नदी में बही,बचाव और तलाशी अभियान जारी

काठमांडू,12 जुलाई (युआईटीवी)- नेपाल में आज,शुक्रवार सुबह भूस्खलन के कारण लगभग 63 यात्रियों को ले जा रही दो बसें त्रिशूली नदी में बह गईं। बसों में सवार 63 यात्री लापता हैं,जिसके लिए बचाव और तलाशी अभियान जारी है। यह जानकारी सड़क प्रभाग कार्यालय भरतपुर नेपाल द्वारा साझा किया गया। प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने इस बड़े हादसे पर दुःख जताया है। बचाव अभियान में लगातार जारी बारिश के कारण रुकावटें आ रही है। नेपाल में इन दिनों मूसलाधार बारिश हो रही है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार,एंजेल बस और गणपति डीलक्स बस काठमांडू जा रही थी,जिसमें क्रमशः 24 और 41 लोग सवार थे। हालाँकि,बस के नदी में गिरने से पहले गणपति डीलक्स में सवार तीन यात्री बस से कूदने में सफल रहे। सुबह करीब 3:30 बजे यह हादसा हुआ।


इस हादसे पर नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने दुःख जताया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री ने पोस्ट किया कि,नारायणगढ़-मुग्लिन सड़क खंड पर भूस्खलन के कारण दो बसों के नदी में बह जाने से करीब पाँच दर्जन यात्रियों के लापता होने की खबर और देश के कई हिस्सों में आए बाढ़ तथा भूस्खलन के वजह से हुए संपत्तियों के नुकसान से मैं बहुत दुःखी हूँ। गृह प्रशासन तथा सरकार के सभी एजेंसियों को मैं निर्देश देता हूँ कि वे जल्द ही यात्रियों की खोज करे और प्रभावी बचाव कार्य को शुरू करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *