बेरूत, 18 सितंबर (युआईटीवी)- लेबनान में सैकड़ों पेजरों में एक साथ विस्फोट की घटना से कम-से-कम आठ लोगों की मौत हो गई है,जबकि 2,700 से अधिक लोग इस घटना में घायल हो गए हैं। विस्फोट हुए पेजरों का इस्तेमाल संचार के लिए किया जा रहा था। मृतकों और घायलों में ज्यादातर हिजबुल्लाह के सदस्य शामिल हैं। घायल हुए लोगों में करीब 200 लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
इजरायली सेना पर लेबनान के अल-जदीद टीवी चैनल ने आरोप लगाया कि इन पेजर की बैटरियों को उन्होंने निशाना बनाया है,जिसके वजह से यह विस्फोट हुआ है। इस घटना में जितने भी लोग घायल हुए हैं,उन्हें लेबनान की राजधानी बेरूत और उसके दक्षिणी उपनगरों में स्थित दहिह के अस्पतालों में इलाज के लिए ले जाया गया है।
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री फिरास अबैद ने बताया कि लेबनान में हुए सैकड़ों पेजरों के विस्फोट के घटना में 2,750 लोग घायल हुए हैं,जिनमें से 200 लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय मीडिया के रिपोर्ट के मुताबिक,एक साथ हुए इन विस्फोटों के कारणों का पता लगाने के लिए हिजबुल्लाह की सक्षम एजेंसियाँ वर्तमान में “व्यापक सुरक्षा और वैज्ञानिक जाँच ” करने में जुटी हुई हैं।
रॉयटर्स के एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए इजरायली बहुभाषी ऑनलाइन समाचार पत्र टाइम्स ऑफ इजरायल ने कहा कि हिजबुल्लाह का एक प्रमुख सदस्य सैकड़ों पेजरों में एक साथ हुए विस्फोट की घटना में हुए हताहतों में से एक है।
लेबनानी मीडिया के मुताबिक,इसके अलावा एक युवा लड़की की उत्तर-पूर्वी लेबनान के बालबेक जिले में मौत हो गई। यह भी बताया गया कि हिज़्बुल्लाह के शीर्ष नेता और उनके सलाहकार सैकड़ों पेजरों में हुए विस्फोट की घटना में घायल हो गए।
