अखिलेश यादव

लोकसभा चुनाव 2024 : अखिलेश यादव ने बनाई रणनीति,तैयारी हुई तेज

लखनऊ,10 जनवरी (युआईटीवी)- लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर अखिलेश यादव ने अपनी रणनीति बना ली है और उनकी पार्टी समाजवादी पार्टी (सपा ) ने इस चुनाव को लेकर अपनी तैयारी तेज कर दी है। समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने मंगलवार को मुख्यालय में लोकसभा चुनाव की रणनीति पर पूर्व विधायकों,विधायकों और 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की बैठक में चर्चा की।

इस बैठक में सभी ने बंद लिफाफे में चुनाव को लेकर अपने सुझाव दिए। साथ ही उन्होंने बंद लिफाफे में अपने-अपने क्षेत्र के लोकसभा चुनाव के दावेदारों के नाम के सुझाव भी दिए। अखिलेश यादव ने कहा कि सभी को पूरी ताकत से लगना होगा तभी हम गठबंधन के प्रत्याशियों को जीताने में सफल होंगे। आगे उन्होंने कहा कि बड़ी लड़ाई जीतने के लिए कुर्बानी देनी पड़ती है।

समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि पहले उन्हें जितना वोट मिला था,इस बार उससे अधिक वोट सपा व गठबंधन के प्रत्याशियों को दिलाएँ। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से बार-बार प्रचार किया जा रहा है कि विकसित भारत बनेगा। लेकिन क्या यह किसानों के आय बढ़ाए बिना संभव है ? जब तक भारत के किसान और गरीब खुशहाल नहीं होंगे,तब तक देश की अर्थव्यवस्था बेहतर नहीं होगी। विकसित भारत बनाने के लिए देश की अर्थव्यवस्था का बेहतर होना जरुरी है और देश व प्रदेश के नौजवानों को सम्मान का रोजगार दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी प्रतिबद्ध है।

आगे सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सवाल पूछते हुए कहा कि जो एमओयू उत्तर प्रदेश में हुए थे क्या वो जमीन पर आ रहे हैं ? क्या बजट में इंसेंटिव देने के लिए व्यवस्था की गई थी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *