बेंगलुरु, 27 अक्टूबर (युआईटीवी)- अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अचानक संन्यास लेने के अपने निर्णय का खुलासा करते हुए कहा कि विश्व कप 2019 का सेमीफाइनल मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट स्टेडियम में 10 जुलाई, 2019 को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया था। जिसमें भारत को हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के बाद ही महेंद्र सिंह धोनी ने यह निर्णय ले लिया था कि नीली जर्सी में यह उनका अंतिम मैच होगा।
विश्व कप 2019 के सेमीफाइनल में हार के बाद एमएस धोनी 13 महीनों तक क्रिकेट से दूर रहे और फिर 15 अगस्त 2020 को उन्होंने संन्यास की घोषणा कर दी।
महेंद्र सिंह धोनी ने बेंगलुरु में एक कार्यक्रम में खुलासा किया कि सेमीफाइनल के बाद उन्होंने निर्णय ले लिया था कि यह भारत के लिए उनका आखिरी मैच था। उन्होंने कहा कि, “जब आप एक करीबी मैच हार जाते हैं तो अपनी भावनाओं को नियंत्रण में रखना कठिन हो जाता है और मन-ही-मन मैंने संन्यास लेने की योजना बना लिया था। उसके एक वर्ष बाद मैंने अपने संन्यास लेने की घोषणा कर दी,लेकिन वास्तविक बात तो यह है कि मैं उसी दिन सेवानिवृत्त हो चुका था।”
विश्व कप 2019 के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने भारत को 18 रन से हराया था। उस मैच में महेंद्र सिंह धोनी ने 72 गेंदों का सामना कर 50 रन बना रन पर आउट हो गए। उनके करियर की शुरुआत भी रन-आउट के साथ हुआ था और रन-आउट के साथ समाप्त भी हुआ।
पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास तो ले लिए हैं,लेकिन आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स के साथ अभी भी एक सक्रिय खिलाड़ी के तौर पर जुड़े हुए हैं। 2023 में खेले गए आईपीएल में उनके नेतृत्व में चेन्नई सुपर किंग्स ने पाँचवीं बार ख़िताब को अपने नाम किया। एमएस धोनी ने अपने प्रशंसकों से आईपीएल 2024 में वापसी करने का वादा भी किया है।
आईपीएल 2023 में धोनी अपने घुटने के चोट से जूझते दिखे। चेन्नई सुपर किंग्स द्वारा पाँचवीं बार आईपीएल खिताब हासिल करने के पश्चात धोनी ने अपने घुटने की सर्जरी करवाई। अब आईपीएल 2024 में एमएस धोनी हिस्सा लेंगे या नहीं,वह उनकी फिटनेस पर निर्भर करता है।
