मल्लिकार्जुन खरगे

मल्लिकार्जुन खरगे ने नवादा में महादलित टोला पर दबंगों के आतंक को जंगलराज बताया

नवादा,19 सितंबर (युआईटीवी)- कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बिहार के नवादा में महादलित टोला में दबंगों द्वारा फायरिंग किए जाने के बाद 80 घरों में आग लगाए जाने की घटना को जंगलराज का नाम दिया है। इस घटना के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने केंद्र और राज्य सरकारी की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।

इस घटना को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नीतीश सरकार पर हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा कि,”बिहार के नवादा में महादलित टोला पर दबंगों का आतंक एनडीए की डबल इंजन सरकार के जंगलराज का एक और प्रमाण है।”


आगे उन्होंने दबंगों के इस आतंक की निंदा करते हुए कहा कि,”यह बेहद निंदनीय है कि करीब 100 दलित घरों में आग लगाई गई,गोलीबारी की गई और रात के अँधेरे में ग़रीब परिवारों का सब कुछ छीन लिया गया।”

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा और उसके सहयोगी दलों पर इस मामले पर तंज कसते हुए कहा कि,”दलितों-वंचितों के प्रति भाजपा और उसके सहयोगी दलों की घोर उदासीनता,आपराधिक उपेक्षा व असामाजिक तत्वों को बढ़ावा अब चरम पर पहुँच गया है। हमेशा की तरह प्रधानमंत्री मोदी जी अभी भी मौन हैं और सत्ता के लोभ में नीतीश जी बेफिक्र हैं तथा एनडीए के सहयोगी पार्टियों के मुँह में दही जम गया है।”

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इस घटना की निंदा करते हुए एक पोस्ट पर लिखा कि,”नवादा, बिहार में महादलितों के 80 से अधिक घरों को जला देने की घटना बेहद खौफनाक और निंदनीय है। दर्जनों राउंड फायरिंग कर इतने बड़े पैमाने पर आतंक मचाकर लोगों को बेघर कर देना यह दिखाता है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। आम ग्रामीण-गरीब असुरक्षा और खौफ के साये में जीने को मजबूर हैं। हमारी राज्य सरकार से माँग है कि ऐसा अन्याय करने वाले दबंगों पर सख्त कार्रवाई हो और सभी पीड़ितों का समुचित पुनर्वास किया जाए।”

दरअसल,जो घटना सामने आई है,वह बिहार के नवादा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देदौर कृष्णा नगर टोले की है। करीब 100 घरों से अधिक महादलित परिवार इस महादलित टोला में रहते है। ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना अचानक हुई,जिसके वजह से लोगों को कुछ भी समझ नहीं आया। दनादन गोलियाँ चलने की आवाज सुनकर लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे,जिससे बस्ती में अफरातफरी मच गई।

ग्रामीणों का कहना है कि,बुधवार रात करीब साढ़े सात बजे यह घटना हुई। उस समय महादलित बस्ती में कई घरों में महिलाएँ खाना बना रही थी। घर के जरूरी सामान इस घटना में पूरी तरह से जलकर खाक हो गए। कई मवेशियों के भी इस आगजनी में जलकर मरने की सूचना है। फायर बिग्रेड की टीम इस घटना की सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुँची और आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद फायर बिग्रेड की टीम ने आग पर काबू पाया। टोला में पीड़ित परिवारों को जिला प्रशासन की तरफ से खाने की सामग्री वितरित की गई।

जिलाधिकारी आशुतोष कुमार वर्मा घटना की जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर पहुँचे। उन्होंने कहा कि,घटना के बाद पूछताछ के लिए 10 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इस घटना की जाँच-पड़ताल की जा रही है और जो भी दोषी होंगे,प्रशासन उनके खिलाफ कड़ी-से-कड़ी कार्रवाई करेगी।