1971 युद्ध में इंदिरा गांधी के योगदान को नकार रही है मोदी सरकार : कांग्रेस

नई दिल्ली, 16 दिसम्बर (युआईटीवी/आईएएनएस)| कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार पर साल 1971 के बांग्लादेश युद्ध में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के योगदान को नकारने का आरोप लगाया है। पार्टी का आरोप है कि इतिहास को बदला नहीं जा सकता, लेकिन मोदी सरकार कांग्रेस शासित सरकार के इतिहास को मिटाने में लगी है।

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर कहा कि बांग्लादेश को आजाद हुए आज 50 साल हो गए हैं। जिसके लिए खास तौर पर कांग्रेस शासित इंदिरा गांधी की सरकार ने विशेष काम किया। बांग्लादेश के जो लोग पाकिस्तान की गुलामी में थे, उनको इंदिरा गांधी की सरकार ने आजाद कराया। इंदिरा गांधी ने देश की सरकार और सैनिकों के समर्थन से पाकिस्तान के दो टुकड़े किए। उसके बाद बांग्लादेश का गठन हुआ। इसलिए बांग्लादेश हमेशा इंदिरा गांधी के योगदान और भारत को हमेशा याद करता है।

उन्होंने कहा कि दुनिया भर की लोकतांत्रिक देशों की मदद का काम कांग्रेस की सरकारें पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के समय से करती आई हैं। लेकिन आज देश में कुछ लोग इंदिरा गांधी के योगदान को भुला देना चाहते हैं। इंदिरा गांधी की सरकार ने देश में जो महत्वपूर्ण योगदान दिया, उसको याद नहीं करना चाहते। यही काम केंद्र में सत्तारूढ़ वर्तमान सरकार कर रही है। देश आज बांग्लादेश का विजय दिवस मना रहा है। तत्कालीन इंदिरा गांधी की सरकार ने पाकिस्तान के 95 हजार सैनिकों को 1 साल तक बंदी बनाए रखा ऐसा। दुनिया के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ।

खड़गे ने कहा कि बांग्लादेश के नेता, खासतौर पर शेख हसीना अक्सर जब भारत आती हैं, तो इंदिरा गांधी को उनके योगदान के लिए जरूर याद करती हैं। इतना ही नहीं तत्कालीन नेता विपक्ष पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने इंदिरा गांधी को दुर्गा का अवतार करार दिया था। लेकिन केंद्र की मोदी सरकार इंदिरा गांधी के योगदान को नकार रही है, जबकि कांग्रेस पार्टी सत्ता में रहते हुए हमेशा लोकतांत्रिक देशों की मदद करती रही है।

वहीं इस मसले पर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि बांग्लादेश को आजाद हुए 50 साल हो गए, बांग्लादेश विजय दिवस मना रहा है। ये कांग्रेस पार्टी और इंदिरा सरकार की उपलब्धि है जिसे कभी भूलना नहीं चाहिए।

उन्होंने कहा कि 1971 से पहले दुनिया भर में आम सहमति बनाने के लिए 20 दिनों तक इंदिरा गांधी ने दुनिया भर में यात्राएं की, 24 देशों में जाकर बांग्लादेश के मानवाधिकार हनन मुद्दा उठाया था। जिसका रूस में समर्थन किया था, जबकि अमेरिका इसका विरोध कर रहा था। इसके बाद भी इंदिरा गांधी की सरकार में पाकिस्तान के साथ युद्ध किया गया और पाकिस्तान के दो टुकड़े करवा कर दुनिया के नक्शे को हमेशा के लिए बदल दिया गया। आज केंद्र सरकार द्वारा बहुत सस्ती और गंदी राजनीति की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *