मोहम्मद सिराज

मोहम्मद सिराज ने बरपाया कहर,55 पर ढेर हुए दक्षिण अफ्रीका

केप टाउन,4 जनवरी (युआईटीवी)- मोहम्मद सिराज ने भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच केप टाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे और अंतिम टेस्ट के पहले दिन घातक गेंदबाजी करते हुए छह विकेट सिर्फ 15 रन देकर ले लिए। जिससे दक्षिण अफ्रीका मात्र 55 रन पर ढेर हो गई। इस मैच में गेंदबाजों का दबदबा रहा। जहाँ दक्षिण अफ्रीका अपनी पहली पारी में सिर्फ 55 रन ही बना पाई,वहीं भारतीय टीम भी 153 रन ही बना सकी।

दक्षिण अफ्रीका ने भी भारत के खिलाफ जवाबी हमला किया और 153 रन पर ही भारत को निपटा दिया। लेकिन भारत के लिए अच्छी बात यह रही कि उन्होंने 98 रन की बढ़त लेने में सफलता हासिल की।

चायकाल के बाद भारत की पारी 153 रन पर सिमट गया और पहली पारी में भारत ने 98 रन की बढ़त हासिल की । चायकाल तक भारत ने 111 रन चार विकेट खोकर बनाए थे। चायकाल के बाद भारत ने अपने बाकी बचे छह विकेट मात्र 42 रन जोड़कर गंवा दिए। भारत के ओर से सर्वाधिक रन विराट कोहली ने बनाए। उन्होंने 59 गेंदों में 46 रन बनाए,जिसमें एक छक्का और छह चौके भी शामिल हैं। वे आठवें बल्लेबाज के रूप में आउट हुए।

विराट कोहली
विराट कोहली

जब भारतीय टीम ने अपनी पारी की शुरुआत की थी,तब ऐसा लग रहा था कि भारत एक बड़ी बढ़त हासिल करने में कामयाब होगी। लेकिन भारत की पारी 153 रन पर ही सिमट गई। लुंगिसानी एनगिडी ने अपने एक ओवर में तीन विकेट हासिल कर भारत की बड़ी बढ़त हासिल करने के इरादे को तोड़ दिया। एक ओर लगातार विकेट गिरते जा रहे थे,तो दूसरी ओर कोहली टिके हुए थे। लेकिन बाद में उन्होंने अपनी आक्रामकता दिखाई और विकेट गंवा बैठे।

दक्षिण अफ्रीका की तरफ से लुंगिसानी एनगिडी,कैगिसो रबाडा और नांद्रे बर्गर ने तीन-तीन विकेट लिए। भारत के मोहम्मद सिराज ने अपना विकेट रन आउट होकर गंवा दिया।

पहले दिन के दूसरे सेशन में भारत ने अपनी बल्लेबाज़ी सकारात्मक मानसिकता के साथ शुरू किया और चार विकेट खोकर 111 रन बनाए। एक समय ऐसा लग रहा था कि भारत को अच्छी शुरुआत मिल चुकी है,लेकिन भारत की अच्छी शुरुआत को बर्गर के तीन विकेट वाले स्पेल ने ख़राब कर दिया।

टीम के 17 के स्कोर पर यशस्वी जायसवाल खाता खोले बिना आउट हो गए। दूसरे विकेट के लिए कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने 55 रन जोड़े। जहाँ रोहित शर्मा 39 रन बना कर आउट हुए,वहीं शुभमन गिल 36 रन आउट हो गए। श्रेयस अय्यर भी बिना खता खोले आउट हो गए। नांद्रे बर्गर ने शुभमन गिल,रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर को अपना शिकार बनाया।

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट सेंचुरियन में खेला गया था,जहाँ भारतीय टीम बुरी तरह से हार गई थी। दूसरे टेस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम की नजर वापसी पर थी। जिसे काफी हद तक भारतीय टीम ने हासिल भी किया। दक्षिण अफ्रीका दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 55 रन ही पर ऑलआउट हो गई। भारत के खिलाफ खेलते हुए दक्षिण अफ्रीका का यह सबसे न्यूनतम स्कोर है। केप टाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे और अंतिम टेस्ट के पहले दिन दक्षिण अफ्रीका 23.2 ओवर ही बल्लेबाजी कर सकी। भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने नौ ओवर में 15 रन देकर 6 विकेट झटके।

अफ्रीकी बल्लेबाज सिराज की कहर बरपाती गेंद के आगे पूरी तरह से लाचार दिखे। अफ्रीकी कप्तान डीन एल्गर ने पहले टेस्ट में शानदार शतकीय पारी खेली थी,लेकिन दूसरे और अंतिम टेस्ट में वे सिराज के सामने अधिक समय तक टिक नहीं पाए और वे मात्र 4 रन बनाकर बोल्ड हो गए। दक्षिण अफ्रीका के काइल वेरेन ने 15 रन बनाए और डेविड बेडिंघम ने 12 रन बनाए। बाकी बल्लेबाज दहाई का आँकड़ा भी छू नहीं पाए। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने 6 विकेट,जसप्रीत बुमराह ने 2 विकेट और मुकेश कुमार ने भी 2 विकेट लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *