बखमुत के आसपास आगे बढ़ रही यूक्रेन की सेना: मंत्री

कीव, 6 जून (युआईटीवी/आईएएनएस)| यूक्रेन की उप रक्षा मंत्री हन्ना मलियार ने पुष्टि की है कि सैनिक बखमुत शहर के आसपास पूर्वी मोर्चे पर आगे बढ़ रहे हैं। यह पुष्टि किए बिना कि क्या बहुप्रतीक्षित यूक्रेनी जवाबी हमला शुरू हो गया , सोमवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में मंत्री ने कहा कि कड़े प्रतिरोध के बावजूद, हमारी सैन्य इकाइयां कई दिशाओं में आगे बढ़ीं। उन्होंने कहा कि ओरिखोवो-वासुलिवका और पारस्कोविवका में यूक्रेनी सैनिकों ने 200 मीटर से 1,600 मीटर तक की बढ़त हासिल की, जबकि इवानिव्स्के और क्लिश्चिवका में वे 100 मीटर और 700 मीटर के बीच आगे बढ़े।

सभी चार गांव बखमुत के कई किलोमीटर के भीतर स्थित हैं और दोनेत्स्क क्षेत्र में शहर के लिए लड़ाई फरवरी 2022 में शुरू हुए युद्ध में सबसे लंबी और सबसे खूनी लड़ाई रही है।

राष्ट्र के नाम अपने वीडियो संदेश में मंगलवार की रात, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने यूक्रेन के लड़ाकों को बखमुत दिशा में बढ़ने के लिए धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा, दुश्मन जानता है कि यूक्रेन जीत जाएगा।

मंगलवार पूरे यूक्रेन में हवाई हमले के सायरन सक्रिय हो गए, कीव में अधिकारियों ने बताया कि राजधानी क्षेत्र में वायु रक्षा प्रणाली चालू है।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार की सुबह रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेनी सेना ने आगे बढ़ने के प्रयास में सोमवार को दक्षिणी डोनेट्स्क में एक सैन्य अभियान चलाया था, लेकिन यूक्रेनियन को भारी नुकसान होने के बाद इसे रोक दिया गया था।

मंत्रालय ने अपने टेलीग्राम चैनल पर कहा, रूसी सेना ने आठ लेपर्ड टैंक सहित 28 टैंक और 109 बख्तरबंद लड़ाकू वाहनों को नष्ट कर दिया।

रूस के दावे की अब तक यूक्रेन ने पुष्टि नहीं की है।

गौरतलब है कि बखमुत महीनों से भयंकर लड़ाई के केंद्र में है। इसका बहुत कम सामरिक महत्व है, लेकिन कीव और मास्को दोनों के लिए प्रतीकात्मक रूप से महत्वपूर्ण है।

पिछले महीने के अंत में, रूसी भाड़े के वैग्नर समूह ने शहर पर कब्जा करने का दावा किया था।

वैगनर के दावों के बावजूद, यूक्रेन ने यह स्वीकार नहीं किया है कि पूर्वी शहर से उनका नियंत्रण खत्म हो गया है।

मई में, अमेरिका ने कहा कि उसका मानना है कि बखमुत की लड़ाई में 20 हजार से अधिक रूसी सैनिक मारे गए और अन्य 80 हजार घायल हुए।

हालांकि, यूक्रेन ने बखमुत में अपने हताहतों के आंकड़े जारी नहीं किए हैं, लेकिन भारी नुकसान उठाया है।

आक्रमण से पहले बखमुत में लगभग 70 हजार लोग रहते थे, लेकिन तबाह हुए शहर में अब केवल कुछ हजार ही रह गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *