नई दिल्ली,2 सितंबर (युआईटीवी)- भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में सोमवार से अपने राष्ट्रीय सदस्यता अभियान का शुभारंभ करने जा रही है। दिल्ली में सोमवार शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान- 2024,जिसे ‘संगठन पर्व सदस्यता अभियान-2024’ का नाम दिया गया है का शुभारंभ करेंगे।
इस कार्यक्रम का आयोजन भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में किया जा रहा है,जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा पार्टी का पहला सदस्य बनाकर,अपने इस अभियान की शुरुआत करेंगे। पार्टी के टोल फ्री नंबर पर पीएम नरेंद्र मोदी मिस्ड कॉल कर एक बार फिर से भाजपा के सदस्य बनेंगे।
इसके बाद,पार्टी के अन्य कई नेता को भी भाजपा की सदस्यता फिर से ग्रहण करवाया जाएगा। नई दिल्ली में इस कार्यक्रम के साथ पूरे देश में भाजपा के सदस्यता अभियान की शुरुआत हो जाएगी। भाजपा ने मिस्ड कॉल अभियान के जरिए पार्टी का सदस्य बनाने के लिए मिस्ड कॉल नंबर- 8800002024 भी जारी किया है। लोग भाजपा की सदस्यता नमो ऐप के माध्यम से भी ले सकते हैं।
बता दें कि कुछ दिन पहले ही पार्टी मुख्यालय में मीडिया को इस अभियान की जानकारी देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पार्टी के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के संयोजक विनोद तावड़े ने कहा था कि भाजपा के संविधान के अनुसार,सबको फिर से हर 5-6 साल बाद नए सिरे से पार्टी का सदस्य बनाया जाता है।
इस सदस्यता अभियान को कोरोना संकट के समय सीमित रूप से नही चलाया जा सका था,लेकिन अब फिर से 2 सितंबर से पार्टी अपना सदस्यता अभियान (संगठन पर्व ) पूरे देश में शुरू करने जा रही है। तावड़े ने यह भी कहा कि वर्ष 2014 तक दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी चीन की कम्युनिस्ट पार्टी हुआ करती थी,लेकिन भाजपा के 2014 में जब 11 करोड़ सदस्य बन गए,तो दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा बन गई है।
उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान की शुरुआत 2 सितंबर से हो रही है और 25 सितंबर तक इसका पहला चरण पूरा होगा। पहले चरण के सदस्यता का विश्लेषण करने के बाद सदस्यता अभियान का दूसरा चरण 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक चलेगा। इसके बाद सक्रिय सदस्यता अभियान 16 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलाया जाएगा।
केंद्रीय मंत्रियों सहित पार्टी के जनप्रतिनिधियों को भी इस सदस्यता अभियान में शामिल किया जाएगा,ताकि पार्टी से अधिक-से-अधिक लोगों को जोड़ा जा सके। गैरतलब है कि, पिछले महीने 17 अगस्त को नई दिल्ली में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की अध्यक्षता व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश अध्यक्षों की बैठक में पार्टी की सदस्यता अभियान की रूपरेखा तय की गई थी। साथ ही राष्ट्रीय स्तर से लेकर राज्य स्तर तक नेताओं को इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी।
पार्टी का लक्ष्य फिलहाल 10 करोड़ से अधिक लोगों को भाजपा का सदस्य बनाना है और जिन राज्यों में चुनाव की घोषणा हो गई है,उन राज्यों में पार्टी की कुल सदस्यता में बढ़ोतरी के लिए चुनाव के बाद यह सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। भाजपा के पदाधिकारियों के अनुसार,11 करोड़ लोगों ने पूर्व अध्यक्ष अमित शाह के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यकाल में 2014-15 में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी।
7 करोड़ लोग वर्ष 2019 में चले सदस्यता अभियान में शामिल हुए थे,जिसका मतलब है कि लगभग 18 करोड़ लोग वर्ष 2019 तक भाजपा के सदस्य बने थे।
