बस हादसा

नेपाल बस हादसे में 27 यात्रियों की मौत,16 लोगों का इलाज चल रहा,एक अभी भी लापता

काठमांडू,24 अगस्त (युआईटीवी)- नेपाल के तानाहुन जिले में भारतीय टूरिस्ट बस पोखरा से काठमांडू जाने के क्रम में नदी में गिर गई। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की यूपी नंबर बस संतुलन खोने के बाद नदी में जा गिरी। 43 भारतीय यात्री इस बस में सवार थे। सशस्त्र पुलिस बल द्वारा घटना स्थल पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। घटना स्थल पर बीच-बीच में बारिश होने के वजह से सेना के जवानों को रेस्क्यू ऑपरेशन करने में काफी मुश्किलें आ रही है।

महाराष्ट्र के 27 यात्रियों की इस बस हादसे में मौत हो गई है,जबकि 16 अन्य लोगों का काठमांडू के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। बस ड्राइवर मुर्तजा का भी इस हादसे में मौत हो गई। वह उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का रहने वाला था। वहीं एक व्यक्ति अभी भी लापता है,जिसे ढूँढने का प्रयास रेस्क्यू टीम द्वारा किया जा रहा है। हादसे का शिकार हुए सभी यात्री महाराष्ट्र के बताए जा रहे हैं। इस हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया और राहत आयुक्त कार्यालय को राहत कार्यों के निर्देश दिए।

राहत आयुक्त ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के न‍िर्देश के बाद महाराष्ट्र सरकार से संपर्क कर हादसे की जानकारी दी गई। महराजगंज की नौतनवा तहसील के एसडीएम एनपी मौर्य,सीओ जय प्रकाश त्रिपाठी तथा सनौली एसएचओ अंकित सिंह को घटना स्थल के लिए रवाना किया गया। वहीं जिन लोगों की इस सड़क हादसे में मौत हुई है,उनके शवों को सड़क मार्ग से गोरखपुर एयरपोर्ट पहुँचाया जाएगा। गोरखपुर एयरपोर्ट से उन शवों को एयरक्रॉफ्ट से महाराष्ट्र भेजा जाएगा। वहीं घायलों को इलाज के बाद सड़क मार्ग से वापस भारत लाया जाएगा।

राहत आयुक्त जीएस नवीन ने बताया कि,शुक्रवार को दोपहर एक बजे के आस-पास भारतीय टूरिस्ट से भरी एक बस के नेपाल के तानाहुन जिले में नदी में गिरने की सूचना मिली। इस पर उन्होंने नेपाल सरकार से तत्काल मदद के लिए बात किया और नेपाल में तैनात भारतीय पुलिस के सीनियर अधिकारियों से भी संपर्क किया गया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना के संबंध में नेपाल स्थित भारतीय दूतावास की ओर से जानकारी साझा की गई है। पोखरा से लगभग 43 यात्री सवार भारतीय पर्यटक बस काठमांडू जा रही थी। वह बस मार्शयांदी नदी में 150 मीटर नीचे गिर गई। स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है।

महराजगंज के एसडीएम को हादसे की गंभीरता को देखते हुए नेपाल भेजा गया है। वहीं,उनकी अनुपस्थिति में सभी जिम्मेदारियों को एडीएम पंकज वर्मा सँभालेंगे तथा उन्हें टीम से कोआर्डिनेट करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्थानीय निवासियों के मुताबिक,नेपाल टूरिज्म को इस हादसे के बाद गहरा झटका लगेगा। क्योंकि इस हादसे के बाद से लोगों के मन में डर पैदा हो गया है।

राहत आयुक्त से महाराष्ट्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने मदद की अपील की है। राहत आयुक्त ने बताया कि पूरे ऑपरेशन को उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा महाराष्ट्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के आग्रह किए जाने पर अपने स्तर से अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने इस अभियान के लिए उत्तर प्रदेश राहत कार्यालय को नोडल बनाया है।

राहत आयुक्त ने बताया कि,जो जानकारी नेपाल सरकार से प्राप्त हुई है,उसके मुताबिक,44 लोग पर्यटक बस में सवार थे,जिसमें 42 यात्री,एक ड्राइवर और एक कंडक्टर था। उन्होंने बताया कि बस तानाहुन जिले के पास हाईवे से लगभग 500 फीट नीचे नदी में गिर गई। नेपाल प्रशासन ने हादसे की जानकारी मिलते ही रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। इसके बाद इसकी जानकारी उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त कार्यालय को दी गई।

आगे उन्होंने बताया कि 27 लोगों की इस हादसे में मौत हो गई है, जबकि 16 अन्य लोगों का काठमांडू के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं,एक व्यक्ति देर रात तक लापता था,जिसे रेस्क्यू टीम द्वारा ढूँढने का प्रयास किया जा रहा है।