अरविंद केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल के लिए नया घर तलाशा जा रहा,जल्द छोड़ेंगे सीएम आवास

नई दिल्ली,28 सितंबर (युआईटीवी)- दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्य संयोजक अरविंद केजरीवाल के लिए नए घर की तलाश हो रही है। माना जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल श्राद्ध खत्म होते ही और नवरात्रि के शुरुआत में सीएम आवास खाली कर देंगे और अपने दूसरे घर में शिफ्ट हो जाएँगे।

अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद नए घर की तलाश तेज कर दी है। उनके लिए दिल्ली में नया घर खोजा रहा है। आतिशी के दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने के बाद से अरविंद केजरीवाल नए घर की तलाश की कवायद और भी अधिक तेज कर दी गई है।

अरविंद केजरीवाल को पार्टी के कई विधायक,पार्षद, कार्यकर्ता तथा आम नागरिक अपनी सामाजिक-आर्थिक या राजनीतिक पृष्ठभूमि की परवाह किए बिना घर की पेशकश कर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल के लिए नया आवास उनके विधानसभा नई दिल्ली के अंतर्गत ही तलाश किया जा रहा है।

अरविंद केजरीवाल अपने निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े रहने हेतु अपने निर्वाचन क्षेत्र नई दिल्ली के आसपास ही रहने को प्राथमिकता दे रहे हैं। केजरीवाल विवाद मुक्त संपत्ति की तलाश कर रहे हैं,ताकि बाद में किसी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न न हो।

अरविंद केजरीवाल कोर्ट के आदेश के बाद जेल से बाहर आने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से 17 सितंबर को इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद से चर्चा शुरू हो गई थी कि अरविंद केजरीवाल अपने सरकारी आवास को जल्द ही छोड़ देंगे।

फिलहाल,वह अपने सरकारी आवास को कब तक खाली करेंगे,इसकी कोई जानकारी या तारीख अभी तक सामने नहीं आई है। लेकिन ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि वे अपने दूसरे घर में नवरात्र में ही शिफ्ट हो जाएँगे।

गौरतलब है कि साल 2013 में अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री बने और तब से वे तिलक लेन स्थित घर में रहे। उसके बाद फरवरी 2015 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद वे सिविल लाइंस इलाके में 6 फ्लैग स्टाफ रोड स्थित आवास में रहे। दूसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता आए केजरीवाल साल 2015 से सिविल लाइंस के फ्लैगस्टाफ रोड स्थित आवास में रह रहे हैं।

केंद्र सरकार से अरविंद केजरीवाल के आवास के लिए माँग की गई थी। हालाँकि,केंद्र के तरफ से उन्हें कोई घर मिलेगा या नहीं अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। केंद्र सरकार से आम आदमी पार्टी ने पत्र लिखकर उन्हें सरकारी आवास अलॉट करने की माँग की थी,लेकिन सरकार की तरफ से इसे लेकर अभी तक कोई जवाब नहीं दिया गया है। इसके बावजूद उनके लिए घर की तलाश की जा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि लुटियन जोन के किसी इलाके में वे जल्द ही शिफ्ट हो सकते हैं।