सभी धान क्रय केंद्रों पर नियुक्त हों नोडल अधिकारी : मुख्यमंत्री

लखनऊ, 23 दिसम्बर (युआईटीवी/आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धान खरीद कार्य को पूरी सक्रियता से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक धान क्रय केंद्र के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए। मुख्यमंत्री आज यहां लोक भवन में एक उच्चस्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यो की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसान को धान बिक्री के लिए इंतजार न करना पड़े, इसके लिए खरीद केंद्र पर कांटों की संख्या बढ़ाई जाए। आवश्यकता का आकलन करते हुए अतिरिक्त धान क्रय केंद्र की स्थापना की जाए। उन्होंने किसानों को 72 घंटे में धान का मूल्य उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सभी केंद्रों पर नोडल अधिकारी नियुक्त हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के सम्बन्ध में राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति है। सरकारी कर्मियों के भ्रष्टाचार के मामलों में कार्यवाही के सम्बन्ध में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने दोषी पाए गए कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए हैं।

योगी ने कहा कि अयोध्या के पुरातन ऐतिहासिक धार्मिक आध्यात्मिक तथा सांस्कृतिक महत्व के दृष्टिगत केंद्र व राज्य सरकार इसके प्राचीन गौरव के अनुरूप प्रतिष्ठित करने का कार्य कर रही हैं। अयोध्या को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ साथ समस्त आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर इसका सर्वागीण विकास प्रदेश सरकार प्राथमिकता है। इसके दृष्टिगत अयोध्या के विकास से जुड़ी कार्यवाही को गति प्रदान की जाए। उन्होंने कंसलटेंट का शीघ्र चयन किए जाने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा लाइट हाउस परियोजना के तहत शहरी गरीबों के लिए वैकल्पिक तकनीकी पर आधारित आवासों का निर्माण कराया जाएगा। इस योजना के अन्तर्गत लखनऊ को चयनित किया गया है। इसके माध्यम से 10,054 फ्लैट्स का निर्माण कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *