पीएम मोदी

पीएम मोदी ने तिरुमाला मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान वेंकटेश्वर का लिया आशीर्वाद

नई दिल्ली,27 नवंबर (युआईटीवी)- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के तिरुमाला में पूजा-अर्चना कर भगवान वेंकटेश्वर का आशीर्वाद लिया। उन्होंने भगवान वेंकटेश्वर से 140 करोड़ भारतीयों के लिए आशीर्वाद माँगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना में कई जनसभाओं को संबोधित किया। उसके पश्चात तिरुपति पहुँचे। तिरूपति के पास रेनिगुंटा हवाई अड्डे पर वे रविवार शाम 7.40 बजे उतरे। हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर और मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने किया। उसके बाद उन्होंने पूरे विधि-विधान से पूजा परिधान में तिरुमला में श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर की पूजा-अर्चना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने तिरुमाला में वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर की झलकियाँ साझा करते हुए एक्स पर पोस्ट किया , ” 140 करोड़ भारतीयों के अच्छे स्वास्थ्य, कल्याण और समृद्धि के लिए तिरुमाला के श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में प्रार्थना की।”

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर शुभकामनाएँ भी दी है और सिख गुरु को श्रद्धांजलि देने वाला मन की बात का एक वीडियो क्लिप भी साझा किया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री ने मोदी ने पोस्ट किया, ” श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर आप सभी देशवासियों को शुभकामनाएँ। श्री गुरु नानक देव जी के दूसरों की सेवा करने और भाईचारे को आगे बढ़ाने वाला भाव दुनिया भर के लाखों लोगों को मजबूती प्रदान करता है। कल मन की बात के दौरान भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की थी।”

प्रधानमंत्री मंदिर में दर्शन के पश्चात महबूबाबाद के लिए प्रस्थान करेंगे। जहाँ करीब 12:45 बजे एक सार्वजनिक बैठक में करेंगे। उसके बाद दोपहर 2:45 बजे एक और जनसभा निर्धारित है। यह जनसभा तेलंगाना के करीमनगर में आयोजित किया गया है। उसके बाद दिनभर के कार्यक्रम का समापन प्रधानमंत्री मोदी हैदराबाद में शाम 5 बजे एक रोड शो के साथ करेंगे।

इससे पूर्व पीएम मोदी ने रविवार को एक चुनावी रैली में हिस्सा लिया और वहाँ के लोगों को संबोधित किया । यह चुनावी रैली तेलंगाना के निर्मल जिले में आयोजित किया गया था। इस रैली में पीएम मोदी ने राज्य की सत्ताधारी पार्टी और तेलंगाना के सीएम के.चंद्रशेखर राव पर निशाना साधते हुए कहा कि तेलंगाना के सीएम गरीबों का दुश्मन है।

30 नवंबर, 2023 को तीसरी तेलंगाना विधानसभा के लिए मतदान किया जाएगा। इस चुनाव में भाजपा,कांग्रेस और मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव की भारत राष्ट्र समिति के बीच त्रिकोणीय मुकाबले देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *