पोलियो टीकाकरण अभियान

गाजा में पोलियो टीकाकरण अभियान के पहले चरण में 187,000 बच्चों को पोलियो का टीका लगाया

संयुक्त राष्ट्र, 5 सितंबर (युआईटीवी)- गाजा में तीन दिवसीय पोलियो टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई। गाजा पट्टी के 10 साल से कम उम्र के 187,000 बच्चों को पोलियो टीकाकरण अभियान के पहले चरण में पोलियो का टीका लगाया गया। संयुक्त राष्ट्र ने यह जानकारी साझा की है।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक,बुधवार को यूएन ऑफिस फॉर द कोऑर्डिनेशन ऑफ ह्यूमन अफेयर्स (ओसीएचए) ने कहा कि यह अभियान गाजा के दक्षिणी क्षेत्र में गुरुवार से तीन दिनों के लिए शुरू होगा,उसके बाद यह अभियान उत्तरी क्षेत्र में चलाया जाएगा। तीन दिवसीय पोलियो टीकाकरण अभियान का लक्ष्य 640,000 से अधिक बच्चों को टीके की दो खुराक देना है। चार सप्ताह के अंतराल पर प्रत्येक खुराक दिया जाना है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयेसस का जिक्र करते हुए ओसीएचए ने कहा कि रविवार से अब तक 187,000 बच्चों को स्वास्थ्य कर्मियों ने टीका लगाया है।

संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) ने पोलियो टीकाकरण अभियान के बारे में कहा कि अभियान के शेष चरणों को सुचारू रूप से जारी रखने के लिए क्षेत्रीय स्तर पर संघर्ष विराम आवश्यक है। यदि ऐसा नहीं होता है तो गाजा के बच्चों की सुरक्षा करने में हम विफल हो जाएँगे तथा अन्य बच्चों को खतरे में डाल देंगे। 10 महीने के बच्चे के पोलियो से आंशिक रूप से लकवाग्रस्त हो जाने के बाद पोलियो टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई।

ओसीएचए ने कहा कि मध्य गाजा में 510 टीमों को इस टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए तैनात किया गया है। 40 हेल्थ पार्टनर इस अभियान में हिस्सा ले रहे हैं। टीकाकरण का संचालन 17 स्वास्थ्य सेवा केन्द्रों के द्वारा किया जा रहा है और समुदायों को 23 अभियान के बारे में जानकारी दे रहे हैं।

गौरतलब है कि गाजा में जारी युद्ध के बावजूद टीकाकरण अभियान चला कर टीकाकरण किया जा रहा है। हमास नियंत्रित गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय ने पिछले 24 घंटों में 42 लोगों के मौत की जानकारी दी है। साथ ही युद्ध के शुरू होने के बाद से अब तक 40,861 लोगों की मौत हो गई है।

फिलिस्तीनी शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र की मुख्य एजेंसी के प्रमुख फिलिप लाज़ारिनी ने पोलियो टीकाकरण अभियान पर कहा बहुत अच्छी प्रगति है। हर दिन गाजा के मध्य क्षेत्रों में पोलियो के खिलाफ अधिक-से-अधिक बच्चों का टीकाकरण हो रहा है।

गाजा में पोलियो अभियान तो सफल रहा,लेकिन स्थायी युद्ध विराम सुनिश्चित करने के लिए,इजरायल की जेलों में बंद अनेक फिलिस्तीनियों को वापस लाने के लिए और गाजा में बंधकों को रिहा करने के लिए जो कूटनीतिक प्रयास किए जा रहे हैं,वह सब विफल हो रहे हैं।

सोमवार को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने जोर देकर कहा था कि मिस्र की सीमा से लगे गाजा के दक्षिणी छोर पर इजरायली सैनिक फिलाडेल्फिया गलियारे में बने रहेंगे।