नई दिल्ली,26 अक्टूबर (युआईटीवी)- प्रगति मैदान के भारत मंडपम में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडियन मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी) 2023 के 7वें एडिशन का उद्घाटन करेंगे। जिसका थीम ‘ग्लोबल डिजिटल इनोवेशन’ है। इंडियन मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी) 2023 का लक्ष्य भारत की स्थिति को प्रमुख अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों के विकासक, निर्माता और निर्यातक के रूप मजबूत करना है।
पीएम मोदी इस कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक संस्थानों को 100 ‘5जी यूज केस लैब्स’ का पुरस्कार देंगे। ‘100 5जी लैब्स पहल’ के आधार पर इन प्रयोगशालाओं को विकसित किया जा रहा है।
‘100 5जी लैब पहल’ की शुरुआत भारत की विशिष्ट जरूरतों के साथ-साथ वैश्विक माँगों को भी पूरा करने हेतु किया जा रहा है । यह पहल 5जी अनुप्रयोगों को विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करेगा ताकि ऐसे अवसरों को साकार किया जा सके,जो 5जी तकनीक से जुड़े। यह योजना 5जी तकनीक के उपयोग में देश को आगे ले जाएगी।
शिक्षा,स्वास्थ्य,बिजली,कृषि,परिवहन इत्यादि जैसे सामाजिक-आर्थिक क्षेत्रों में नवीनीकरण को बढ़ावा देने हेतु ‘100 5जी लैब पहल’ एक अनूठी पहल है ।
हमारे देश में 6जी-तैयार शैक्षणिक व्यवस्था के निर्माण के लिए यह पहल महत्वपूर्ण है। स्टार्ट-अप इकोसिस्टम के निर्माण और विकास के लिए ‘100 5जी लैब पहल’ एक महत्वपूर्ण पहल है। हमारे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए स्वदेशी दूरसंचार प्रौद्योगिकी का विकास होना आवश्यक है और यह पहल इस क्षेत्र में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।
इंडियन मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी) 2023 के 7वें एडिशन का तीन दिवसीय कार्यक्रम प्रगति मैदान के भारत मंडपम में आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में 5जी, 6जी,आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी प्रौद्योगिकियों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला जाएगा। साथ ही कार्यक्रम में हरित प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर उद्योग,साइबर सुरक्षा आदि से संबंधित विषयों पर चर्चा की जाएगी।
इंडियन मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी) इस साल नई उद्यमिता पहल और सहयोग को प्रोत्साहित करने हेतु एक स्टार्टअप कार्यक्रम ‘एस्पायर’ शुरू कर रहा है। जिससे स्थापित व्यवसायों,निवेशकों और स्टार्टअप के मध्य आपसी संबंधों को बढ़ावा मिल सके।
