राष्ट्रपति चुनाव- 24 जून को नामांकन करेंगी एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू

नई दिल्ली, 22 जून (युआईटीवी/आईएएनएस)- राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए की घोषित उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू , 24 जून को नामांकन करेंगी। भाजपा उनके नामांकन कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारी कर रही है। उनके नामांकन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा संसदीय बोर्ड के वे सभी सदस्य मौजूद रहेंगे, जिन्होंने मंगलवार की बैठक में सर्वसम्मति से उन्हे भाजपा की तरफ से राष्ट्रपति का उम्मीदवार चुना था।

बताया जा रहा है कि द्रौपदी मुर्मू के नामांकन के दौरान मोदी सरकार के कई केंद्रीय मंत्री, भाजपा के दिग्गज नेता एवं भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।

दरअसल , मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजदूगी में भाजपा मुख्यालय में हुई पार्टी संसदीय दल की बैठक के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यह ऐलान किया था कि बैठक में 20 नामों पर विचार-विमर्श करने के बाद सबने एकमत से पूर्वी भारत से आने वाली आदिवासी महिला नेत्री द्रौपदी मुर्मू को एनडीए की तरफ से राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है।

विपक्षी दल पहले ही यशवंत सिन्हा को अपना संयुक्त उम्मीदवार घोषित कर चुके हैं। हालांकि नवीन पटनायक और नीतीश कुमार के समर्थन देने के ऐलान के बाद राष्ट्रपति निर्वाचक मंडल का अंक गणित द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में झुकता नजर आ रहा है। द्रौपदी मुर्मू अगर यह चुनाव जीतती है तो वे राष्ट्रपति बनने वाली पहली आदिवासी महिला होंगी।

आपको बता दें कि, देश के अगले राष्ट्रपति के चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। चुनाव आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन की आखिरी तारीख 29 जून है। 18 जुलाई को राष्ट्रपति पद के लिए मतदान होना है और नतीजों की घोषणा 21 जुलाई को की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *