नई दिल्ली,29 नवंबर (युआईटीवी)- प्रधानमंत्री मोदी 30 नवंबर को रोजगार मेले के तहत 51 हजार से अधिक विभिन्न सरकारी विभागों तथा संगठनों में नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति वितरित करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय से एक बयान जारी किया गया,जिसके अनुसार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी 51000 से अधिक नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का आयोजन 30 नवंबर 2023 को शाम 4:00 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर नवनियुक्त कर्मियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित भी करेंगे।
देश भर के 37 स्थानों पर इस रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। केंद्र सरकार ने इस पहल का समर्थन किया है। नवनियुक्त कर्मियों की भर्तियाँ केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों,राज्य सरकारों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के विभिन्न विभागों में किया जा रहा है।
सरकार के गृह मंत्रालय,राजस्व विभाग,रक्षा मंत्रालय,उच्च शिक्षा विभाग,वित्तीय सेवाएँ विभाग,स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग,श्रम और रोजगार मंत्रालय,स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय इत्यादि विभागों में देशभर से चुने गए नए कर्मचारी योगदान देंगे।
इस प्रकार के रोजगार मेले के आयोजन से भविष्य में और अधिक रोजगार सृजन की संभावना बढ़ेंगी। इससे युवाओं को अपना सशक्तिकरण करने और राष्ट्र के विकास में भागीदार बनने की प्रेरणा मिलेगी। यह देश के युवाओं को सार्थक अवसर प्रदान करने की ओर उठाया गया एक सकारात्मक कदम है।
देश के आर्थिक,सामाजिक,औद्योगिक इत्यादि विकास को मजबूती प्रदान करने के लिए नवनियुक्त कर्मी अपना योगदान देंगे। ये कर्मचारी अपने दक्षता तथा रचनात्मक विचारों के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में सहयोग देंगे,जिसका सपना प्रधानमंत्री मोदी ने देखा है।
आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल पर नव नियुक्त कर्मी एक ऑनलाइन मॉड्यूल कर्मयोगी प्रारंभ के माध्यम से खुद को प्रशिक्षित भी कर सकेंगे। आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल पर 800 से अधिक ई-लर्निंग पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं। जो कर्मचारियों को अवसर प्रदान करेगी कि वे कहीं भी किसी भी उपकरण से प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।
