प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्‍थान के विधायकों को गुटबाजी व भ्रष्टाचार से दूर रहने की सलाह दी

जयपुर, 6 जनवरी (युआईटीवी)- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय यात्रा पर जयपुर आए हुए हैं। उन्होंने इस यात्रा के दौरान राजस्थान के विधायकों और मंत्रियों को गुटबाजी और भ्रष्टाचार से दूर रहने की सलाह दी है।

जयपुर स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रियों,विधायकों और भाजपा पदाधिकारियों से मुलाकात की और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

राजस्‍थान में नवंबर 2023 में विधानसभा चुनाव हुआ था,जिसमें कांग्रेस की हार हुई थी। प्रधानमंत्री ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में चर्चा के दौरान विधायकों से कांग्रेस की हार पर सवाल किया। इस पर जवाब देते हुए कुछ विधायकों ने कहा कि नवंबर 2023 विधानसभा चुनाव भ्रष्टाचार के कारण कांग्रेस हार गई।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायकों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, “आप सभी विधायकों को गुटबाजी और भ्रष्टाचार से दूर रहना है। आपकी सभी गतिविधियों पर पार्टी अपनी नजर रख रही है।”

आगे उन्होंने विधायकों से कहा कि वे सिर्फ पाँच साल के कार्यकाल को ध्यान में रखकर काम न करें,बल्कि ये ध्यान में रखकर काम करें कि पाँच साल पश्चात जब दोबारा सरकार बने,तो आगे भी काम करना है।

विधायकों को सलाह देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि,सभी विधायक अपने-अपने बूथों का दौरा करें। चाहे वह बूथ चुनाव हार वाला बूथ हो या चुनाव जीतने वाला बूथ हो। फिर अपने हारने और जीतने के वजहों का मंथन करें।

आगे उन्होंने कहा कि, ” सरकार के नशे में आप सभी विधायकों को नहीं रहना चाहिए। यदि दोबारा सत्ता में आना है और पुनः अपनी सरकार बनाना है,तो अधिक-से-अधिक काम करना होगा,सभी को जमीन से जुड़े रहना होगा और ज़मीन पर काम करना होगा।”

इसके साथ ही सभी विधायकों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सलाह दी कि अधिकारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग से आप सभी दूरी बना कर रहे।

सभी अधिकारी काम करते हैं। इसलिए आप सभी विधायकों को काम कैसे किया जाए,इस बात को जानने का प्रयास करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *