नई दिल्ली,5 नवंबर (युआईटीवी)- प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा की हालत नाजुक बनी हुई है। उनके बेटे अंशुमन सिन्हा ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी को सोशल मीडिया पर लाइव आकर साझा की। अंशुमन ने बताया कि उनकी माँ वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मंगलवार सुबह,शारदा सिन्हा के बेटे अंशुमन सिन्हा ने उनका हेल्थ अपडेट दिया और बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके परिवार से संपर्क किया था। प्रधानमंत्री ने शारदा सिन्हा की तबियत के बारे में जानकारी ली और एम्स के डायरेक्टर से भी बात की। अंशुमन ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोन आया था। उन्होंने माँ का हालचाल पूछा और कहा कि छठी मैया कृपा करेंगी। संयम रखें, सब कुछ अच्छा होगा।”
पद्मभूषण से सम्मानित शारदा सिन्हा के स्वास्थ्य को लेकर कुछ गलत जानकारियों और अफवाहों के फैलने पर अंशुमन ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ऐसी झूठी खबरों को फैलाने में आनंदित होते हैं, जो कि गलत है। वह सभी से अपील करते हैं कि जब तक किसी खबर की पुष्टि न हो,तब तक उसे सार्वजनिक नहीं करना चाहिए। अंशुमन ने कहा, “मेरी माँ अभी जिंदा हैं और बहुत अच्छे तरीके से इस मुश्किल समय से लड़ रही हैं। उन्हें सिर्फ सकारात्मक ऊर्जा और दुआओं की जरूरत है।”
View this post on Instagram
गायिका शारदा सिन्हा पिछले सात वर्षों से मल्टीपल मायलोमा (ब्लड कैंसर का एक प्रकार) से जूझ रही हैं। वह बिहार, झारखंड तथा उत्तर प्रदेश में अपनी छठ गीतों के लिए बहुत प्रसिद्ध हैं। अंशुमन ने पहले ही अपने यूट्यूब चैनल पर जानकारी दी थी कि इस समय शारदा सिन्हा वेंटिलेटर पर हैं और उनकी स्थिति बहुत गंभीर है। उन्होंने लोगों से उनकी माँ के लिए दुआ करने की अपील की थी और कहा था कि यह एक बहुत बड़ी लड़ाई है,जिसमें काफी मुश्किलें आ रही हैं।
अंशुमन ने बेहद भावुक और रुआंसे होते हुए बताया कि उनकी माँ की स्थिति अचानक बिगड़ी है और उन्होंने डॉक्टर से मुलाकात की। शारदा सिन्हा इस समय दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती हैं, जहाँ से उन्होंने छठ पर्व के लिए एक नया गीत “दुखवा मिटाईं छठी मईया” रिलीज किया था।
पद्म भूषण से सम्मानित 72 वर्षीय शारदा सिन्हा को मैथिली और भोजपुरी संगीत में उनके योगदान के लिए कई पुरस्कार मिल चुके हैं,जिनमें पद्म श्री और पद्म विभूषण भी शामिल हैं। उनके चर्चित गानों में विवाह गीत और छठ गीत प्रमुख हैं और उनकी आवाज़ ने बिहार और आसपास के क्षेत्रों में लाखों दिलों को छुआ है।