नई दिल्ली,21 सितंबर (युआईटीवी)- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्वाड शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए शनिवार,21 सितंबर को संयुक्त राज्य अमेरिका के तीन दिवसीय यात्रा पर रवाना हो गए हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन द्वारा उनके गृहनगर विलमिंगटन में चौथे क्वाड शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। अमेरिका के विलमिंगटन में आयोजित क्वाड शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी हिस्सा लेंगे,इसके अलावा वे न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के ‘भविष्य के शिखर सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे। इस बार इसका विषय ‘बेहतर कल के लिए बहुपक्षीय समाधान’ रखा गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 से 23 सितंबर 2024 तक संयुक्त राज्य अमेरिका के यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे 22 सितंबर को भारतीय समुदाय की एक सभा को संबोधित करेंगे और भारतीय प्रवासियों से बातचीत करेंगे।
पीएम मोदी ने अमेरिका के तीन दिवसीय यात्रा को लेकर कहा कि,राष्ट्रपति जो बाइडेन द्वारा उनके गृहनगर विलमिंगटन में आयोजित क्वाड शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए और न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में भविष्य के शिखर सम्मेलन को संबोधित करने के लिए मैं आज अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा पर जा रहा हूँ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि,अपने सहयोगियों राष्ट्रपति जो बाइडेन,जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा तथा ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री अल्बानीज के साथ क्वाड शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए मैं बहुत उत्सुक हूँ।
क्वाड के नेताओं द्वारा चौथे क्वाड शिखर सम्मेलन हिंद-प्रशांत क्षेत्र के देशों के लिए आने वाले वर्ष के विकास लक्ष्यों और आकांक्षाओं को पूरा करने में मदद के लिए एजेंडा का निर्धारण करेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि “यह मंच हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति,प्रगति एवं समृद्धि के लिए काम करने वाले समान विचारधारा वाले देशों के एक प्रमुख समूह के रूप में उभरा है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ उनकी बैठक भारत और अमेरिका के मध्य के व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और अधिक गहरा करने के लिए नए रास्तों की समीक्षा और पहचान करने की अनुमति देगी,जो अपने लोगों और वैश्विक भलाई के लाभ के लिए जरुरी है।
आगे उन्होंने कहा कि वह अमेरिका के इस तीन दिवसीय यात्रा के दौरान अमेरिकी महत्वपूर्ण व्यावसायिक नेताओं एवं भारतीय प्रवासी समुदाय से बातचीत करेंगे। उनका कहना है कि इस यात्रा से भारत और अमेरिका के बीच के संबंधों में मजबूती आएगी।
बता दें कि इस साल क्वाड शिखर सम्मेलन भारत में आयोजित होने वाला था। लेकिन चार नेताओं के कार्यक्रम को देखते हुए इसके आयोजन स्थल का स्थानांतरण अमेरिका कर दिया गया। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में व्हाइट हाउस नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल की पूर्वी एशिया और ओशिनिया की वरिष्ठ निदेशक मीरा रैप-हूपर ने कहा कि,प्रधानमंत्री मोदी ने इन्हीं कारणों की वजह से हमारे साथ मेजबानी के वर्षों की अदला-बदली करने पर सहमत हो गए। हम उम्मीद करते हैं कि क्वाड के सभी चार नेता अगले साल भारत में मिलेंगे।
