राहुल ने राजनीतिक सवालों के जवाब देने से किया इनकार, बोले – ‘खड़गे जी से पूछिए’

कुरुक्षेत्र (हरियाणा), 9 जनवरी (युआईटीवी/आईएएनएस)- हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मीडिया द्वारा पूछे गए राजनीतिक सवाल पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को उन्हें ‘ध्यान भटकाने वाला’ करार देते हुए सुझाव दिया कि वह इन्हें पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे के सामने रखें। हरियाणा में पार्टी के मुख्यमंत्री पद के चेहरे और राज्य में संगठनात्मक ढांचे की कमी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “मैं पार्टी अध्यक्ष नहीं हूं, खड़गे जी से पूछिए।” हालांकि गांधी ने कहा, “संगठन कमजोर नहीं है, लेकिन सभी राजनीतिक सवाल खड़गे जी से पूछे जाएं जो पार्टी अध्यक्ष हैं।”

उन्होंने कहा, “प्रत्येक प्रेस कॉन्फ्रेंस में तीन ध्यान भटकाने वाले सवाल होते हैं- पीएम कौन होगा, विपक्ष में एकता होगी, और फलाने राज्य में मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन?, लेकिन ये सवाल नहीं, जाल हैं।” उन्होंने राज्यसभा चुनाव में हार के बारे में पूछे गए एक सवाल का भी जवाब नहीं दिया।

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि वह अपना काम लगभग वैसा ही कर रहे हैं, जैसा कि पवित्र पुस्तक भगवद गीता में बताया गया है। कांग्रेस भाजपा के विपरीत ‘तपस्या’ कर रही है और उधर वे, लोगों को उनकी ‘पूजा’ करने के लिए मजबूर कर रही है।”

एक सवाल के जवाब में राहुल ने कहा कि उन्होंने खुद को बदल लिया है और दूसरे उनके बारे में जो कहते हैं उससे प्रभावित नहीं होते। उन्होंने कहा, “मेरे बारे में जो कुछ भी कहा जाता है, चाहे वह सकारात्मक हो या नकारात्मक, मुझे प्रभावित नहीं करता और मैं अपना काम कर रहा हूं।”

उन्होंने कहा, “जब अर्जुन ने मछली की आंख पर निशाना साधा तो उसने यह नहीं बताया कि वह आगे क्या करेगा। गीता में भी कहा गया है कि तुम अपना कर्म करो.. हालांकि, पार्टी के ऐसे कार्यक्रम हैं जो भारत जोड़ो यात्रा समाप्त होने के बाद भी जारी रहेंगे। यह यात्रा भाजपा के विभाजनकारी एजेंडे के खिलाफ है और यह राजनीतिक यात्रा, नहीं बल्कि नफरत के माहौल के बीच लोगों को आपस में जोड़ने के लिए है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *