जयपुर (राजस्थान),21 नवंबर (युआईटीवी)- राजस्थान विधानसभा चुनाव की तैयारी जोरों पर है। जहाँ एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोड शो कर राजस्थान में भ्रष्टाचार और महिलाओं के खिलाफ अपराध के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधा है,तो वहीं राज्य में सत्ता बरकरार रखने के लिए कांग्रेस के प्रमुख प्रचारकों ने गारंटीज पर ध्यान केंद्रित किया है,ताकि मतदाताओं को लुभाया जा सके।
25 नवंबर को राजस्थान में विधानसभा चुनाव होने वाला है। राजनीतिक पार्टियाँ इस चुनाव के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं।
पार्टी की लोकप्रियता प्रदर्शित करते हुए सोमवार को राजस्थान के बीकानेर में पीएम नरेंद्र मोदी ने रोड शो किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सप्ताह राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनाव को दिवाली, जो अंधकार पर प्रकाश का प्रतीक है,से तुलना किया और विधानसभा चुनाव को ‘लोकतंत्र की दिवाली’ कहा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे सुनिश्चित करे कि भाजपा की सरकार सत्ता में आए और कांग्रेस पार्टी को हर कोने से बाहर किया जाए।
पीएम मोदी ने राजस्थान के जनता से पूछा कि, ” कांग्रेस को आपकी जान की परवाह नहीं है। तो आप मुझे बताएँ कि क्या उन्हें एक दिन भी सत्ता में रहने का अधिकार है? घर पर 15-16 घंटे हमारी माताएँ और बहनें काम करती हैं। दिवाली तो अभी बीती है। लेकिन जब दिवाली आती है, घर का कोना-कोना भी साफ कर देती हैं। विधानसभा चुनाव लोकतंत्र की दिवाली है। इसलिए इस बार आप लोग संकल्प ले कि कांग्रेस को ऐसे मिटाना है कि किसी भी कोने में ये कांग्रेस न बचे.”
आगे उन्होंने कहा कि राजस्थान में पिछले 5 साल में जो भी कुछ हुआ है,वह पूरी कहानी ‘रेड डायरी’ में लिखी है। उन्होंने कहा, “डायरी लाल है। (लेकिन) कर्म काले हैं।
राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराधों के संबंध में पीएम मोदी ने राजस्थान के पाली जिले में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा दी गई टिप्पणी पर उन पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामले में राजस्थान को नंबर 1 बना दिया है। महिलाओं द्वारा दर्ज की गई शिकायतों के बारे में राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत कहते हैं कि ये फर्जी हैं। क्या कभी ऐसा हो सकता है कि हमारे देश में कोई महिला फर्जी मामला दर्ज कराए? बल्कि ऐसे शिकायतों पर तो सीएम को ज्यादा ध्यान देना चाहिए और उन्हें कहना चाहिए कि जाँच चल रही है। शिकायतों को फर्जी बताकर उन्होंने महिलाओं का अपमान किया है।
कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि, ” कांग्रेस पार्टी तुष्टीकरण की राजनीति के अलावा कुछ भी नहीं सोचती है। इसके लिए सबसे अधिक महत्वपूर्ण भ्रष्टाचार और पारिवारवाद की राजनीति है। ”
पीएम मोदी ने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान का दुर्भाग्य है कि यहाँ सत्ता में कांग्रेस है। जिसके वजह से पिछले पाँच सालों तक राज्य का विकास रुक गया है।

राजस्थान के शाहपुरा में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी एक रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राजस्थान में बीजेपी की लहर इस कदर है कि बीजेपी के रोड शो में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी अपनी दिलचस्पी दिखाई है। मोदी का जादू इस प्रकार से काम कर रहा है कि कांग्रेस कार्यकर्ता भी ‘मोदी, मोदी’ के नारे लगा रहे हैं। जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि यहाँ के नागरिकों ने फैसला कर लिया है कि इस बार राजस्थान में भाजपा सरकार बनाना है। आगे उन्होंने सुविधा की राजनीति पर एक सवाल पूछते हुए कहा कि इस प्रकार के मुद्दों पर महिला कांग्रेस नेतृत्व चुप क्यों रहता है ? ”

भाजपा पर पलटवार करते हुए सचिन पायलट ने एक चुनावी रैली को केकड़ी में संबोधित किया और कहा, ” इस सप्ताह विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। जहाँ अगले 5 साल के लिए आप सभी लोगों को अपना भविष्य तय करना है। पिछले 10 साल से बीजेपी केंद्र में है। भाजपा के शासन में मध्यवर्गीय समाज, कृषक समुदाय पीड़ित हैं। भाजपा के शासन में कम आय वाले किसान तो बहुत अधिक पीड़ित हैं। आगे उन्होंने बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जनता के मुद्दों पर जितने भी जायज सवाल किए जाते हैं,उनका जवाब बीजेपी धार्मिक आधार पर देने के लिए तैयार रहती है।”
आगे उन्होंने कहा कि, ” भाजपा ने सेना का भविष्य अग्निवीर योजना लाकर नष्ट कर दिया है। तीन काले कानून उन्होंने किसानों के लिए लाए,जब उनसे इस बारे में हम पूछते हैं कि ऐसा आपने क्यों किया? तो वे कहते हैं ‘मंदिर-मस्जिद’। किसी भी मुद्दे पर जब उनसे हम सवाल पूछते हैं,तो बीजेपी हिंदू-मुस्लिम एंगल लाती है। ”
राज्य में सोमवार को कांग्रेस के घोषणापत्र के हिस्से के तौर पर कांग्रेस पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने सात गारंटियों की घोषणा की,जिससे राजस्थान की प्रगति और समृद्धि के लिए समर्पित आर्थिक सशक्तीकरण किया जा सके। उन्होंने उन गारंटियों के बारे में कहा कि कांग्रेस पार्टी की ये सात गारंटी सामाजिक न्याय योजनाएँ और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए है। जिससे राजस्थान में व्याप्त असमानता समाप्त होगी और राजस्थान और अधिक समृद्ध बनेगी।

कांग्रेस पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने राजस्थान के अनूपगढ़ में एक रैली को संबोधित किया और कहा कि राजस्थान की प्रगति और समृद्धि के लिए कांग्रेस पूरी तरह समर्पित है।
राजस्थान के लिए कांग्रेस पार्टी के गारंटी घोषणा पत्र के बारे में पार्टी प्रमुख खरगे ने कहा कि परिवार की महिला मुखिया को गृह लक्ष्मी योजना के तहत हर साल 10,000 रुपये देना, 2 रुपये किलो गोबर की खरीद गौधन गारंटी के तहत किया जाएगा और जो भी छात्र सरकारी कॉलेज में दाखिला लेंगे,उन्हें (पहले साल के छात्रों) मुफ्त लैपटॉप और टैबलेट दिया जाएगा।
25 नवंबर को राजस्थान में मतदान होगा। जिसका परिणाम अन्य चार राज्यों मिजोरम, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के साथ 3 दिसंबर को आएगा।
राजस्थान में 2018 में हुए विधानसभा चुनावों में 200 सदस्यीय सदन में कांग्रेस ने 99 सीटें जीतीं थी और भाजपा ने 73 सीटें जीती थी। अशोक गहलोत ने बसपा विधायकों और निर्दलीय विधायकों के समर्थन से मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
