मुंबई,21 जुलाई (युआईटीवी)- तेलुगु सिनेमा के सुपरस्टार राम चरण अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पेड्डी’ के अगले शेड्यूल की तैयारी में जुट गए हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जिम से एक तस्वीर साझा की है,जिसमें वह अपने दमदार बाइसेप्स और मांसपेशियों को दिखाते हुए नजर आ रहे हैं। राम चरण की यह तस्वीर उनके प्रशंसकों के बीच तेजी से वायरल हो रही है। अभिनेता ने इस पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “पेड्डी मूवी के लिए तैयारी शुरू!! धैर्य। आनंद।” इस कैप्शन से साफ जाहिर होता है कि राम चरण इस फिल्म में अपने किरदार के लिए शारीरिक फिटनेस और मानसिक दृढ़ता पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।
‘पेड्डी’ एक स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा फिल्म है,जिसका निर्देशन बुची बाबू सना कर रहे हैं। वेंकट सतीश किलारू की वृद्धि सिनेमाज के बैनर तले इस फिल्म का निर्माण हो रहा है,जबकि मैथ्री मूवी मेकर्स और सुकुमार राइटिंग्स इसे प्रस्तुत कर रहे हैं। इस फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है,क्योंकि इसमें खेल और एक्शन का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलेगा। एक्शन कोरियोग्राफी की जिम्मेदारी मशहूर एक्शन मास्टर नबकांत मास्टर ने संभाली है,जिन्होंने अल्लू अर्जुन की सुपरहिट फिल्म ‘पुष्पा 2’ में अपने शानदार एक्शन सीक्वेंस से दर्शकों को प्रभावित किया था।
फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी दमदार है। राम चरण के साथ इस फिल्म में जाह्नवी कपूर मुख्य अभिनेत्री की भूमिका में नजर आएँगी। इसके अलावा शिवा राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु शर्मा भी अहम भूमिकाएँ निभा रहे हैं। इस फिल्म की सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी प्रसिद्ध सिनेमैटोग्राफर आर रत्नवेलु को सौंपी गई है, जिन्होंने पहले भी कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में अपनी बेहतरीन कला का परिचय दिया है। फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता और भारत के मशहूर संगीतकार एआर रहमान ने तैयार किया है,जिससे उम्मीद की जा रही है कि इसके गाने और बैकग्राउंड स्कोर दर्शकों को लंबे समय तक याद रहेंगे। वहीं,एडिटिंग का काम नेशनल अवॉर्ड विजेता नवीन नूली कर रहे हैं और प्रोडक्शन डिजाइनर अविनाश कोल्ला ने फिल्म के सेट और लोकेशंस को भव्य और आकर्षक लुक देने की जिम्मेदारी संभाली है।
फिल्म की रिलीज डेट की बात करें तो ‘पेड्डी’ 27 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। खास बात यह है कि यह तारीख राम चरण के जन्मदिन के मौके पर चुनी गई है,जिससे उनके प्रशंसकों के लिए यह दिन और भी खास हो जाएगा। फिल्म के मेकर्स का मानना है कि राम चरण के इस नए किरदार से दर्शकों को एक अलग तरह का अनुभव मिलेगा और यह उनके करियर की सबसे बेहतरीन फिल्मों में से एक साबित हो सकती है।
राम चरण के फिल्मी करियर की बात करें तो उन्होंने 2007 में ‘चिरुथा’ फिल्म से तेलुगु सिनेमा में डेब्यू किया था। हालाँकि,उन्हें असली पहचान एस.एस. राजामौली की सुपरहिट फिल्म ‘मगधीरा’ से मिली,जिसने तेलुगु सिनेमा में बॉक्स ऑफिस पर नए कीर्तिमान स्थापित किए थे। इसके बाद उन्होंने आरआरआर,ऑरेंज,राचा,नायक, जंजीर,येवडु,गोविंदुडु अंदरिवदेले और ध्रुवा जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय किया और अपने अभिनय के दम पर तेलुगु सिनेमा के टॉप अभिनेताओं की सूची में शामिल हो गए।
राम चरण को आखिरी बार मशहूर निर्देशक एस. शंकर की राजनीतिक एक्शन ड्रामा फिल्म ‘गेम चेंजर’ में देखा गया था। इस फिल्म में उनके साथ कियारा आडवाणी, अंजलि,एस. जे. सूर्या,श्रीकांत,सुनील,जयराम और समुथिरकानी जैसे कलाकार भी नजर आए थे। ‘गेम चेंजर’ में राम चरण के अभिनय को काफी सराहा गया था और इस फिल्म ने उनके करियर को एक बार फिर नई ऊँचाई दी थी।
अब दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है कि राम चरण की आगामी फिल्म ‘पेड्डी’ किस तरह का रोमांचक अनुभव लेकर आती है। खासतौर पर स्पोर्ट्स और एक्शन के मेल से सजी यह फिल्म,दमदार स्टारकास्ट और बेहतरीन तकनीकी टीम के चलते पहले से ही काफी चर्चा में है। राम चरण की कड़ी मेहनत और तैयारी को देखकर उम्मीद है कि यह फिल्म उनके करियर का एक और बड़ा मील का पत्थर साबित होगी।
