मुंबई,4 दिसंबर (युआईटीवी)- रणबीर कपूर अभिनीत फिल्म ‘एनिमल’ ने बॉक्स ऑफिस पर रिलीज के दो दिनों के भीतर 100 करोड़ रुपये का आँकड़ा पार कर लिया है। इस फिल्म ने यह उपलब्धि हासिल कर ‘पठान’ और ‘जवान’ के साथ सबसे तेज कमाई करने वाली फिल्म के क्लब में शामिल हो गई है।
फिल्म ने कमाई के मामले में शाहरुख खान अभिनीत फिल्म ‘पठान’ के पहले दिन के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। फिल्म 1 दिसंबर को रिलीज़ हुई और अनुमान जताई जा रही है कि शनिवार को फिल्म ने 66 करोड़ रुपये की कमाई की और फिल्म ने 129.80 करोड़ रुपये कुल घरेलू कलेक्शन किया है।
बॉक्स ऑफिस पर शुक्रवार को पहले दिन फिल्म ने 63.8 करोड़ रुपये की शानदार शुरुआत की। शाहरुख खान अभिनीत फिल्म ‘पठान’ ने पहले दिन 54 करोड़ रुपये की कमाई की थी,जिसे रणबीर कपूर अभिनीत फिल्म ‘एनिमल’ ने पीछे छोड़ दिया है। ‘पठान’ ने दूसरे दिन 70.50 करोड़ रुपये की कमाई की थी,जिसे फिल्म ‘एनिमल’ मात नहीं दे सकी।
ट्रेड एनालिस्ट रमेश बाला ने फिल्म के कुल कमाई के बारे में बताया कि दुनिया भर में ‘एनिमल’ ने 230 करोड़ रुपये की भारी कमाई की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर उन्होंने लिखा कि,”बॉक्स ऑफिस पर ‘एनिमल’ ने 2 दिनों में ₹ 230 करोड़ से अधिक की भारी कमाई की है।”
In 2 days, #Animal has grossed a huge
₹ 230 Crs+ at the WW Box office.. 🔥 pic.twitter.com/2yrnuTJc9x— Ramesh Bala (@rameshlaus) December 3, 2023
जिस दिन फिल्म ‘एनिमल’ रिलीज़ हुई,उसी दिन सिनेमाघरों में विक्की कौशल की फिल्म ‘सैम बहादुर’ भी रिलीज़ हुई। फिल्म ‘सैम बहादुर’ को मेघना गुलज़ार ने निर्देशित किया है। एक ओर जहाँ फिल्म ‘एनिमल’ अच्छा प्रदर्शन कर रही है, वहीं फिल्म ‘सैम बहादुर’ की शुरुआत धीमी रही है। फिल्म ने 6.25 करोड़ रुपये की कमाई शुक्रवार को की और 9.25 करोड़ रुपये शनिवार को कमाए।
निर्देशक संदीप वांगा रेड्डी ने फिल्म ‘एनिमल’ को निर्देशित किया है। उन्होंने फिल्म अर्जुन रेड्डी का भी निर्देशन किया था और इसके हिंदी रूपांतरण कबीर सिंह को भी निर्देशक संदीप वांगा रेड्डी ने ही निर्देशित किया था। अर्जुन रेड्डी और कबीर सिंह फिल्मों में विषाक्त मर्दानगी का महिमामंडन के लिए उन्हें काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। ऐसी ही आलोचना फिल्म ‘एनिमल’ के लिए भी किया जा रहा है। इसके बावजूद भी इस फिल्म को काफी दर्शक मिल रहे हैं। जिससे यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई करने में सफल हो रही है।
