Mob lynching

रांची के तमाड़ में ग्राम प्रधान की लोगो ने की पीट-पीटकर हत्या

रांची, 27 अक्टूबर (युआईटीवी/आईएएनएस)| रांची जिले के तमाड़ थाना अंतर्गत लोहड़ी ग्राम के ग्राम प्रधान अशोक सिंह मुंडा की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात बुधवार देर शाम की है। उनका शव उनके घर से लगभग आधे किलोमीटर की दूरी पर बरामद किया गया। उनकी हत्या किन लोगों ने की और इसके पीछे की वजह क्या है, इस बारे में पुलिस को फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। मामले की तफ्तीश की जा रही है। इस वारदात को लेकर गांव में गम और गुस्से का माहौल है।

इसके दो दिन पहले तमाड़ से सटे खूंटी के मुरहू थाना क्षेत्र में भी एक गांव के ग्राम प्रधान सोमा मुंडा सहित दो लोगों की हत्या कर दी गई थी।

बताया गया कि ग्राम प्रधान अशोक सिंह मुंडा शाम करीब सात बजे किसी का फोन आने के बाद बात करते हुए घर से बाहर निकले। काफी देर बाद भी वह घर नहीं लौटे और उनके फोन पर बार-बार कॉल किए जाने के बाद भी जब कोई रिस्पांस नहीं मिला तो उनके पुत्र त्रिलोचन और घर के लोग उनकी तलाश में निकले। लगभग आधे किलोमीटर की दूरी पर पानी टंकी के पास उनकी खून से लथपथ लाश सड़क पर मिली। सूचना पाकर पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची। मौके से पुलिस ने खून से सनी एक लाठी भी बरामद की है।

माना जा रहा है कि उनकी हत्या इसी से पीट-पीटकर की गई है। गुरुवार को रांची के रिम्स में पोस्टमार्टम के बाद ग्राम प्रधान की लाश गांव पहुंची तो लोग भारी गुस्से में दिखे। गांव के लोगों ने हत्यारों की गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *