नई दिल्ली, 12 अप्रैल (युआईटीवी/आईएएनएस)- मुम्बई इंडियंस की दिल्ली कैपिटल्स पर छह विकेट की जीत के बाद पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने कहा कि कप्तान रोहित शर्मा ने सारा दबाव सोख लिया और आगे बढ़कर टीम का नेतृत्व किया। शास्त्री ने साथ ही कहा कि उनकी इस पारी से उन्हें आईपीएल के शेष मैचों के लिए सकारात्मक ²ष्टिकोण बनाये रखने में मदद मिलेगी।
पहले दो मैचों में जल्दी आउट हो जाने के बाद रोहित ने तीसरे मैच में फॉर्म में वापसी करते हुए 45 गेंदों में 65 रन ठोके जिसकी बदौलत मुम्बई ने दिल्ली के खिलाफ मंगलवार रात नाटकीय उतार चढ़ाव से भरा मैच आखिरी गेंद पर जीत लिया।
शास्त्री के हवाले से स्टार स्पोर्ट्स ने कहा, “उन्होंने सारा दबाव सोख लिया क्योंकि सीनियर खिलाड़ी ऐसा कर सकते हैं। वे पहले भी ऐसी स्थिति में रहे हैं, उनके पास अनुभव है। उन्होंने आगे बढ़कर टीम का नेतृत्व किया और इसका उन्हें शेष टूर्नामेंट में फायदा मिलेगा।”
पूर्व भारतीय कोच ने कहा कि मंगलवार को टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज करने के बाद मुम्बई अब लगातार कई मैच जीत सकती है और उन्होंने ऐसा पहले भी किया है।
शास्त्री ने कहा, “आप मुंबई इंडियंस को जानते हैं कि उन्हें एक बार जीत मिल जाए तो वे दो-तीन मैच लगातार जीत सकते हैं। जिस तरह से उन्होंने आखिरी ओवरों में दबाव को संभाला, वह उन्हें शेष मैचों में आगे रखेगा।”
अगले मैच में मुम्बई का 16 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाईट राइडर्स से मुकाबला होगा।
