मुंबई,12 जून (युआईटीवी)- बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा अपनी व्यक्तिगत जीवन को लेकर इन दिनों काफी सुर्ख़ियों में हैं। 23 जून को अभिनेत्री अपने बॉयफ्रेंड जहीर इकबाल के साथ शादी करने जा रही हैं। इस बीच खबर मिली है कि मुंबई में 19 जून को कपल का संगीत सेरेमनी होगा।
खबर के अनुसार,मुंबई में 19 जून को उनका संगीत सेरेमनी होगा। अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल एक-दूसरे को लंबे समय से डेट कर रहे हैं। अक्सर कई इवेंट्स में दोनों एक साथ दिखाई देते हैं।
बताया जाता है कि सलमान खान की एक पार्टी में दोनों की पहली मुलाकात हुई थी। दोनों ने फिल्म ‘डबल एक्सएल’ में साथ में काम किया था,यह फिल्म साल 2022 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा के साथ अभिनेत्री हुमा कुरैशी भी मुख्य भूमिका में नजर आई थी।
जहीर इकबाल ने साल 2022 में सोशल मीडिया पर ‘आई लव यू’ लिखा, जिस पर सोनाक्षी ने भी ‘लव यू’ लिखकर अपनी प्रतिक्रिया दी, उसके बाद से दोनों के रिश्ते की अफवाहें फैलने लगीं थी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार,दोनों अपनी इस शादी को निजी रखना चाहते हैं,इसलिए शादी की सारी तैयारियाँ गुपचुप तरीके से की जा रही है। मुंबई के दादर स्थित बैस्टियन-एट द टॉप में शादी की सारी रस्में होगी।
जल्द ही अभिनेत्री सोनाक्षी फिल्म ‘ककुड़ा’ में दिखाई देंगी। काफी पहले ही फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है,लेकिन अभी तक फिल्म के रिलीज डेट की घोषणा नहीं की गई है। आदित्य सरपोतदर ने इस फिल्म का निर्देशन किया है। यह फिल्म ‘जोम्बिविली’ और ‘मुंज्या’ के बाद हॉरर कॉमेडी जॉनर में सरपोतदार की तीसरी फिल्म है। ‘जोम्बिविली’ साल 2022 में आई थी,तो ‘मुंज्या’ 7 जून 2024 को रिलीज हुई थी।
इसके अलावा फिल्म ‘निकिता रॉय एंड बुक ऑफ डार्कनेस’ में भी अभिनेत्री सोनाक्षी दिखाई देंगी,जिसका निर्देशन अभिनेत्री के भाई कुश सिन्हा ने किया है। कुश सिन्हा इस फिल्म के माध्यम से निर्देशन की दुनिया में कदम रख रहे हैं। इस फिल्म में परेश रावल और सुरेश नय्यर भी हैं।
