सोनम कपूर

सोनम कपूर को भूमि पेडनेकर ने खास अंदाज में जन्मदिन की शुभकामनाएँ दी

मुंबई,9 जून (युआईटीवी)- बॉलीवुड की स्टाइल क्वीन और फैशन आइकन सोनम कपूर ने सोमवार को अपना 40वां जन्मदिन बड़े ही शानदार अंदाज में मनाया। इस खास मौके पर सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक और बॉलीवुड सेलेब्रिटीज ने उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएँ दीं। सोनम की इस खास दिन की शुरुआत हुई एक प्यारी सी प्री-बर्थडे पार्टी के साथ,जिसमें फिल्म इंडस्ट्री के कई जाने-माने चेहरे शामिल हुए।

बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने सोनम को बेहद खास अंदाज में बर्थडे विश किया। भूमि ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर सोनम की एक वीडियो क्लिप शेयर की, जिसमें वह केक काटते हुए नजर आ रही हैं। यह वीडियो सोनम की प्री-बर्थडे पार्टी का था। भूमि ने इस वीडियो को शेयर करते हुए एक प्यारा मैसेज लिखा—
“हैप्पी बर्थडे सोनम कपूर,तुम बहुत प्यारी हो।”

भूमि के इस विश से यह साफ है कि सोनम न केवल एक फैशन आइकन हैं,बल्कि इंडस्ट्री में उनके दोस्तों का भी एक मजबूत और भावनात्मक नेटवर्क है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Varinder Chawla (@varindertchawla)

सोनम कपूर की प्री-बर्थडे पार्टी खासतौर पर उनके करीबी दोस्तों और परिवार के लिए आयोजित की गई थी। इस इवेंट में कई फिल्मी सितारों की मौजूदगी ने रौनक और भी बढ़ा दी।पार्टी में जो चेहरे नजर आए उनमें करीना कपूर खान,करिश्मा कपूर,जाह्नवी कपूर,खुशी कपूर,मसाबा गुप्ता,अर्जुन कपूर,हर्षवर्धन कपूर,अक्षय मारवाह,महीप कपूर और वेदांग रैना शामिल थे।

इस पार्टी की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं,जिनमें सोनम अपने ट्रेडमार्क स्टाइल में बेहद ग्लैमरस नजर आ रही हैं।

सोनम कपूर ने 2007 में संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘सांवरिया’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में उनके साथ रणबीर कपूर भी डेब्यू कर रहे थे। भले ही फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई,लेकिन सोनम के अभिनय और स्टाइल ने सबका ध्यान खींचा।

इस फिल्म के दौरान सोनम और रणबीर के अफेयर की चर्चाएँ भी जोरों पर थीं। बाद में करण जौहर के शो ‘कॉफी विद करण’ में सोनम ने इस रिश्ते को लेकर खुलकर बात भी की थी। हालाँकि,यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला और कहा जाता है कि रणबीर ने दीपिका पादुकोण के लिए सोनम से दूरी बना ली थी।

डेब्यू के बाद सोनम ने एक के बाद एक फिल्में कीं,जिनमें दिल्ली-6,आयशा,थैंक यू,मौसम,प्लेयर्स,आई हेट लव स्टोरीज़,खूबसूरत और वीरे दी वेडिंग शामिल हैं।

सोनम को असली सफलता फिल्म ‘रांझणा’ से मिली,जिसमें उन्होंने साउथ के सुपरस्टार धनुष के साथ स्क्रीन शेयर किया। यह फिल्म दर्शकों को बेहद पसंद आई और सोनम को एक मजबूत अदाकारा के रूप में स्थापित किया।

सोनम कपूर को आखिरी बार 2023 में रिलीज हुई क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘ब्लाइंड’ में देखा गया था। यह फिल्म ओटीटी पर रिलीज हुई थी और इसमें उन्होंने एक नेत्रहीन महिला पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई थी। आलोचकों ने उनकी परफॉर्मेंस को सराहा, हालाँकि फिल्म को मिश्रित प्रतिक्रिया मिली थी।

सोनम कपूर को केवल फिल्मों के लिए ही नहीं,बल्कि उनकी फैशन सेंस के लिए भी जाना जाता है। रेड कार्पेट से लेकर एयरपोर्ट लुक्स तक,सोनम का हर लुक ट्रेंडसेटर होता है। चाहे वह कान्स फिल्म फेस्टिवल हो या मेट गाला,सोनम का हर आउटफिट चर्चा का विषय बन जाता है।

सोनम कपूर ने 2018 में दिल्ली बेस्ड बिजनेसमैन आनंद आहूजा से शादी की थी। यह शादी एक रॉयल इवेंट की तरह आयोजित की गई थी,जिसमें पूरा बॉलीवुड उमड़ा था। दोनों की केमिस्ट्री और सोशल मीडिया पर रोमांटिक पोस्ट आज भी प्रशंसकों को खूब पसंद आते हैं।

40 की उम्र में भी सोनम कपूर का करिश्मा और ग्लैमर कम नहीं हुआ है। वह न केवल एक शानदार अदाकारा हैं,बल्कि एक माँ,पत्नी और प्रेरणा देने वाली फैशन आइकन भी हैं। इस जन्मदिन पर सोनम ने न केवल उम्र का एक और दशक पार किया,बल्कि उन्होंने बॉलीवुड में,फैशन वर्ल्ड में और अपने चाहने वालों के दिलों में अपनी जगह को और भी अधिक मजबूत कर ली है।