मुंबई,22 अगस्त (युआईटीवी)- सनी देओल जो ग़दर फिल्म से बॉक्सऑफिस पर धूम मचा रहे हैं,अब अपने व्यक्तिगत जीवन को लेकर लाइम लाइट में आ गए हैं और वजह है उनपर 56 करोड़ रुपये का कर्ज।
हाल ही में बैंक ऑफ बड़ौदा ने एक अखबार में सनी देओल के मुंबई वाले बंगले को नीलाम करने का विज्ञापन निकाला था। हालाँकि 24 घंटे के अंदर ही इस नीलामी को रोक दिया गया। ऐसे में अब इन सब पर सनी देओल ने अपनी चुप्पी तोड़ी है।
एबीपी न्यूज के एक रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने एक स्टेटमेंट जारी किया और कहा “हम इस मुद्दे को सुलझाने पर काम कर रहे हैं और समस्या का समाधान हो जाएगा। हम इस पर आगे कोई और अटकलें न लगाने की अनुरोध करते हैं। ”
वहीं एक रिपोर्ट के अनुसार बैंक ने जानकारी दी है कि सनी देओल ने नोटिस मिलने के बाद खुद उनसे संपर्क किया था और बकाया ऋण चुकाने की बात कही थी।
जैसे ही सनी देओल की बंगले की नीलामी की खबर आयी थी तो रिपोर्ट्स में ये कहा जा रहा था कि अक्षय कुमार उनकी मदद के लिए आगे आए हैं। नोटिस सामने आने के बाद अक्षय कुमार ने सनी देओल से मीटिंग की थी और उनके मदद करने का फैसला किया था। रिपोर्ट्स की माने तो अक्षय ने सनी देओल को 30 करोड़ रुपए से 40 करोड़ रुपए तक देने की पेशकश की थी। लेकिन कुछ देर बाद ही अक्षय के प्रवक्ता ने स्टेटमेंट जारी कर इसे अपवाह बताया। उन्होंने कहा ऐसे सारे दावे झूठ हैं।
