नीट परीक्षा मामले में तमिलनाडु के सांसदों ने आंध्र के मुख्यमंत्री से मुलाकात की

अमरावती, 12 अक्टूबर (युआईटीवी/आईएएनएस)| तमिलनाडु के सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को यहां आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी से मुलाकात की, जिसमें उत्तरी चेन्नई के लोकसभा सदस्य कलानिधि वीरस्वामी और राज्यसभा सदस्य टी.के.एस एलंगोवन शामिल थे। उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के राष्ट्रीय प्रवेश-सह-पात्रता परीक्षा (नीट) का विरोध करने वाला एक पत्र उन्हें सौंपा।

पत्र में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने कहा कि नीट प्रवेश नीति संघीय भावना के खिलाफ है और राज्यों के अधिकारों को कम कर रही है।

तमिलनाडु के सांसदों ने बताया कि एम.के. स्टालिन ने गैर-भाजपा राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर राज्य सरकारों द्वारा स्थापित मेडिकल कॉलेजों की प्रवेश प्रक्रिया में केंद्र की दखलंदाजी का विरोध किया है।

तमिलनाडु में नीट परीक्षा का व्यापक विरोध हुआ है। तमिलनाडु के कुछ छात्रों ने राष्ट्रव्यापी प्रवेश परीक्षा पास करने में विफल रहने में आत्महत्या कर ली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *