न्यूयॉर्क ,9 जनवरी (युआईटीवी)- टेक्सास के फोर्ट वर्थ शहर के सैंडमैन सिग्नेचर होटल में विस्फोट हो गया,जिसमें कम से कम 21 लोगों के घायल होने की खबर है। यह विस्फोट सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुआ है। अधिकारियों के हवाले से मीडिया ने यह जानकारी दी है।
इस विस्फोट में घायल हुए व्यक्तियों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। विस्फोट के कारणों के बारे में संभावना जताई जा रही है कि गैस रिसाव के कारण यह विस्फोट हुआ है।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के हवाले से एबीसी न्यूज ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सैंडमैन सिग्नेचर होटल में विस्फोट हुआ और इस विस्फोट के पश्चात एक व्यक्ति की हालत गंभीर है।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने विस्फोट के वजहों के बारे में कहा कि यह विस्फोट गैस रिसाव घटना का हिस्सा था,लेकिन अभी तक उन्होंने यह सुनिश्चित नहीं किया है कि गैस रिसाव के कारण ही यह विस्फोट हुआ है।
संवाददाताओं से फोर्थ वर्थ अग्निशमन विभाग के प्रवक्ता क्रेग ट्रोजसेक ने कहा कि, हमें मालूम है कि कुछ निर्माण कार्य रेस्तरां के नीचे चल रहा था। लेकिन यह वास्तव में वहीं से शुरू हुआ,यह हम 100 प्रतिशत निश्चित तौर पर नहीं बता सकते हैं।
इस विस्फोट में जितने भी लोग घायल हुए हैं,उनके बारे में अभी तक पता नहीं चल पाया है कि कितने होटल के मेहमान या अन्य थे।अधिकारियों के हवाले से एबीसी न्यूज की रिपोर्ट में कहा गया है कि क्षेत्रीय अस्पतालों में चौदह लोगों को ले जाया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक,विस्फोट के बाद शुरुआत में एक व्यक्ति का पता नहीं चल पा रहा था,लेकिन अग्निशामकों की तलाशी के दौरान वह व्यक्ति मिला।
फोर्थ वर्थ अग्निशमन विभाग के प्रवक्ता क्रेग ट्रोजसेक ने कहा कि होटल के बेसमेंट के अंदर मौजूद लोगों को अग्निशामकों ने बचाया।
एबीसी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक,अग्निशामकों को विस्फोट के तुरंत बाद खिड़की के टुकड़ों और बाहरी हिस्सों सहित पूरी सड़क पर फैले मलबे से गुजरते देखा गया।
क्रेग ट्रोजसेक ने कहा कि इस विस्फोट के बाद हमारा प्रयास था कि वहाँ फँसे सभी लोगों को जल्द-से-जल्द सुरक्षित बाहर निकाल सकें और हम निश्चित रूप से कह सकें कि उस संरचना से हमने सभी को हटा दिया है।
सैंडमैन सिग्नेचर होटल फोर्ट वर्थ की ऐतिहासिक इमारत है और यह फोर्ट वर्थ कन्वेंशन सेंटर के पास स्थित है। पिछले मई में इस होटल को वैगनर बिल्डिंग के व्यापक पुनर्निर्माण के बाद खोला गया था।
होटल की वेबसाइट के मुताबिक, इमारत का निर्माण मूल रूप से 1920 में किया गया था। कई मूल विशेषताओं को इसके रूपांतरण के दौरान बरकरार रखा गया था।
एक बयान में गवर्नर ग्रेग एबॉट ने कहा कि स्थिति पर वह अपनी नजर रखे हुए हैं।
