मुंबई, 27 अक्टूबर (युआईटीवी)- सलमान खान की आगामी फिल्म ‘टाइगर 3’ में अभिनेत्री कैटरीना कैफ के साथ हॉलीवुड अभिनेत्री मिशेल ली टॉवल फाइट सीक्वेंस में एक्शन करती नजर आएँगी।
फिल्म “टाइगर 3″ के ट्रेलर में एक दृश्य दिखाया गया है,जिसमें कैटरीना कैफ टॉवल फाइट करती हुई नजर आ रही है। उनकी यह फाइट अब खूब सुर्खियाँ बटोर रही है और सिनेमा को चाहने वाले इसी मुद्दे पर बात कर रहे हैं। अब इस पर हॉलीवुड अभिनेत्री मिशेल ली ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। फिल्म में अभिनेत्री कैटरीना कैफ जिससे टॉवल फाइट करती हुई नजर आ रही है,वह मिशेल ली ही थी।
मिशेल ली ‘ब्लैक विडो’ और ‘पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन’ जैसी जबरदस्त फिल्मों में काम कर चुकी हैं। उन्होंने ‘पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन’ में जॉनी डेप के साथ अभिनय किया है तो ‘ब्लैक विडो’ में स्कारलेट जोहानसन के साथ।
मिशेल ली ने फिल्म ‘टाइगर 3’ टॉवल फाइट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमाम में इस दृश्य को शूट करने से पूर्व दो सप्ताह से भी अधिक अभ्यास मैंने और कैटरीना ने किया था।
आगे उन्होंने कहा कि, ” मैं आश्चर्यचकित नहीं हूँ । जब हम इसकी शूटिंग कर रहे थे तो मुझे लगा कि यह बहुत बेहतरीन है। हमने कुछ हफ्तों तक लड़ाई सीखी और अभ्यास किया और फिर इसे शूट किया। सेट का डिजाइन बहुत ही भव्य था और लड़ाई करना वाकई मजेदार था। एक अंतरराष्ट्रीय फिल्म में होना अद्भुत था। ”
अभिनेत्री कैटरीना की सराहना करते हुए हॉलीवुड अभिनेत्री ली ने कहा कि कैटरीना ने जो त्याग और समर्पण एक्शन दृश्यों को बेहतर बनाने के लिए किया,वह सराहनीय है। उनका यह समर्पण भाव मुझे काफी प्रभावित किया है।
उन्होंने आगे कहा कि, ” कैटरीना शालीन स्वभाव की तो थी ही,साथ ही वह पेशेवर भी थी। उन्हें कोरियोग्राफी का अनुभव था,जिसके कारण उनके साथ काम करना बहुत ही आसान लगा। टॉवल फाइट सीक्वेंस के बारे में ली ने कहा कि इस सीक्वेंस की सबसे बड़ी चुनौती अपने शरीर पर लपेटे हुए टॉवल को संभालना और टॉवल का शरीर पर टिके रहना था। टॉवल फाइट सीक्वेंस शूट करने में मदद के लिए टॉवल को कुछ मूव्स में सिल दिया गया था। ”
12 नवंबर,रविवार को दिवाली के अवसर पर ‘टाइगर 3’ हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज होने के लिए तैयार है।
