मॉस्को,27 जून (युआईटीवी)- रूस के उत्तर-पश्चिमी कोमी क्षेत्र में रेल हादसा हुआ है। पैसेंजर ट्रेन के 9 डिब्बे पटरी से उतर गए। 70 से अधिक लोगों के इस हादसे में घायल होने की खबर है,जिसमें सात लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
रूस की सरकारी रेलरोड कंपनी के हवाले से समाचार एजेंसी आरआईए ने बताया कि पटरी से ट्रेन के नौ डिब्बे उतर जाने से 70 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। फिलहाल,किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है।
घटनास्थल पर मेडिकल टीम और आपातकालीन सेवाएँ भेज दिया गया है। यात्रियों के मदद के लिए उपाय किए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्टों के हवाले से समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि संभवता दुर्घटना का प्रमुख कारण भारी बारिश हो सकती है।
पैसेंजर ट्रेन उत्तर पूर्वी कोमी में वोरकुटा से नोवोरोस्सिएस्क के ब्लैक सी बंदरगाह जा रही थी। दोनों जगहों के बीच की दूरी 5 हजार किलोमीटर है। 200 से अधिक यात्री ट्रेन में सवार थे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार,बुधवार को यह पैसेंजर ट्रेन हादसा इंटा शहर के पास बुधवार को स्थानीय समयानुसार शाम करीब 6:12 बजे हुआ। ट्रेन हादसे का शिकार हुए पीड़ितों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
