कोलकाता,22 नवंबर (युआईटीवी)- तृणमूल कांग्रेस नेता विक्की यादव की पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में मंगलवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई है। कांग्रेस नेता विक्की यादव एक स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता थे। मारे गए नेता विक्की यादव के बारे में बताया जा रहा है कि वे सौरभ सिंह के वफादार थे। सौरभ सिंह लोकसभा सांसद अर्जुन सिंह के भतीजे हैं।
इस हत्या के बारे में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मोटरसाइकिल से तीन नकाबपोश व्यक्ति तृणमूल कांग्रेस नेता विक्की यादव के आवास के सामने पहुँचे। जैसे ही कांग्रेस नेता विक्की यादव अपने आवास से बाहर निकले, नकाबपोश व्यक्तियों ने कम से कम 11 राउंड गोलियाँ उन पर करीब से चलाईं।
उन्हें फ़ौरन नजदीकी अस्पताल भाटपारा राज्य जनरल अस्पताल ले जाया गया,जहाँ उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
जहाँ यह घटना घटित हुई है,उस क्षेत्र में घटना के बाद तनाव व्याप्त है।
उस क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस इस मामले की जाँच में जुट गई है।
जिस प्रकार से हत्या को अंजाम दिया गया है,ऐसा प्रतीत हो रहा है कि ये सब कॉन्ट्रैक्ट किलर के द्वारा किसी ने करवाया है। राज्य में इस प्रकार की यह तीसरी घटना है। जिसमें खुली सड़कों पर किसी सत्ताधारी दल के नेता की इसी तरह से हत्या कर दी गई।
स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता और पंचायत सदस्य सैफुद्दीन लश्कर की दक्षिण 24 परगना जिले के जयनगर में 16 नवंबर को इसी प्रकार से हत्या कर दी गई थी। जिसके बदले के भाव में एक व्यक्ति की “प्रति-हत्या” भी हुई। स्थानीय सीपीआई (एम) कार्यकर्ताओं के 16 घरों को लश्कर के अनुयायियों की गुस्साई भीड़ ने आग लगा दी।
पुनः ऐसी ही हत्या को 17 नवंबर को भी अंजाम दिया गया। तृणमूल कांग्रेस के पंचायत प्रमुख रूपचंद मंडल की क्रूड बम से कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर हत्या कर दी थी।
