कीव,4 सितंबर (युआईटीवी)- यूक्रेन पर रूस के मिसाइल हमले में 51 लोगों की मौत हो गई,जबकि 200 से अधिक लोग इस हमले में घायल हो गए हैं। यूक्रेन के मध्य भाग में स्थित एक सैन्य शिक्षण संस्थान पर यह हमला किया गया था। रूस द्वारा यूक्रेन पर किए गए हमलों में अब तक का यह सबसे घातक हमला में से एक है। एक पोस्ट के जरिए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि पोल्टावा में एक रूसी हमले किए गए हैं।
एक शैक्षिक संस्थान और एक नजदीकी अस्पताल को निशाना बनाकर इस हमले को अंजाम दिया गया है। दूरसंचार संस्थान की एक बिल्डिंग भी इस हमले में आंशिक रूप से नष्ट हो गई। राष्ट्रपति ने कहा कि जो इस आतंक को रोक सकते हैं उन लोगों से हम यूक्रेन को इन हवाई हमलों से बचाने के लिए हवाई रक्षा प्रणाली और मिसाइलों की जरूरतों के बारे में बार-बार कह रहे हैं। यह उन्हें जल्द-से-जल्द मिल जानी चाहिए,उन्हें किसी गोदाम में रखे जाने की जरुरत नहीं है।
आगे उन्होंने कहा कि, मुझे पोल्टावा में रूस के हमले की शुरुआती रिपोर्ट मिली है। क्षेत्र पर दो बैलिस्टिक मिसाइलों ने हमला किया। टेलीग्राम पर पोल्टावा क्षेत्र के सैन्य प्रशासन के प्रमुख फिलिप प्रोनिन ने लेटेस्ट मृतकों की संख्या की घोषणा करते हुए बताया कि मलबे में दबे हुए लोगों को बचाव दल खोजने में लगे हुए हैं और मलबे को साफ भी किया जा रहा है। उनका कहना है कि 18 और लोगों के मलबे के नीचे दबे होने की संभावना है। सैन्य शैक्षिक संस्थान के कम-से-कम 10 आवासीय भवनों को इस हमले में नुकसान पहुँचा है।
इस हमले पर मॉस्को ने कोई टिप्पणी नहीं की है,लेकिन मंगलवार को एक प्रसिद्ध रूसी सैन्य ब्लॉगर व्लादिमीर रोज़ोव ने पोल्टावा में एक सैन्य स्कूल पर रूस द्वारा किए गए हमले का रिपोर्ट किया। हमले के बाद जिन लोगों ने राहत कार्य में मदद किया है,उसके प्रति राष्ट्रपति ने आभार व्यक्त किया। हमले के संबंध में राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने तुरंत पूरी जाँच करने का आदेश दिया है। कहा है कि बचाव कार्य में सभी जरूरी सेवाएँ शामिल हैं। पश्चिमी सहयोगियों से उन्होंने लंबी दूरी की मिसाइलों और वायु रक्षा प्रणाली की अधिक आपूर्ति की माँग की है।
