विधान परिषद में सपाईयों का हंगामा, आधे घंटे के लिए स्थगित करनी पड़ी कार्यवाही

लखनऊ, 24 फरवरी (युआईटीवी/आईएएनएस)| यूपी में विधान मंडल सत्र की कार्यवाही के दौरान बुधवार को विधान परिषद में सपा के सदस्यों ने जमकर हंगामा किया। मंगलवार को ध्वनिमत से कई विधेयक पारित कराए जाने के खिलाफ सपा के सदस्य वेल में आकर धरने पर बैठ गए। बसपा और कांग्रेस के सदस्य भी अपनी सीटों पर खड़े होकर सपा के समर्थन में दिखे। इस वजह से सदन की कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित करनी पड़ी। आज विधान परिषद में सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सपा के सदस्य सदन के बीचों बीच आकर सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। शोरगुल और हंगामे के बीच सभापति ने सदन के बीचों बीच धरने पर बैठे सपा सदस्यों के आचरण को सदन की गरिमा के प्रतिकूल करार दिया। इसके बावजूद सपा सदस्यों ने पीठ के विरुद्ध नारेबाजी जारी रखी, जिसके बाद सभापति ने सदन की कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित कर दी।

गौरतलब हो कि विधान परिषद में मंगलवार को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा अधिकरण विधेयक, उत्तर प्रदेश चलचित्र विनियमन संशोधन विधेयक और यूपी में गन्ना आपूर्ति तथा खरीद विनियमन संशोधन विधेयक समेत सात विधेयकों को सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने ध्वनि मत से पारित घोषित कर दिया था। इस दौरान सपा के सदस्य इन विधेयकों पर वोटिंग कराने की मांग कर रहे थे, लेकिन ऐसा नहीं होने से नाराज सपा सदस्यों ने इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया और उसके सभी सदस्य सदन के बीचों बीच आ गए। उसके बाद सभापति ने सदन की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *